सैमसन को अगला धोनी बनने की जरूरत नहीं, वह खुद में खास है : थरूर ने गंभीर की उस बात को किया याद
punjabkesari.in Thursday, Mar 19, 2026 - 06:17 PM (IST)
नई दिल्ली : भारतीय क्रिकेट कोच गौतम गंभीर ने एक बार कांग्रेस सांसद शशि थरूर से संजू सैमसन के बारे में बात करते हुए कहा था कि इस खिलाड़ी को अगला महेंद्र सिंह धोनी बनने की जरूरत नहीं है क्योंकि वह 'खुद में खास और एकमात्र संजू सैमसन' होगा। थरूर ने अपनी पूर्व की टिप्पणी का जिक्र करते हुए यह बात कही जिसमें उन्होंने कहा था कि सैमसन अगला धोनी बनेगा।
थरूर ने पीटीआई से बातचीत में गंभीर के साथ हुई इस बातचीत को याद किया और हाल में भारत के लगातार टी20 विश्व कप चैंपियन बनने के दौरान सैमसन के शानदार प्रदर्शन की भी तारीफ की। क्लब क्रिकेटर के तौर पर करियर की शुरुआत से ही सैमसन का समर्थन करते आ रहे थरूर ने कहा कि उन्हें इस क्रिकेटर की उपलब्धियों पर फक्र महसूस होता है।
उन्होंने कहा, 'मैं असल में उससे तब मिला था जब वह 14 साल का था, वह एक युवा क्लब क्रिकेटर था। वह देखने में भले ही दुबला-पतला लगता था, लेकिन उसका शरीर काफी गठीला था। उसमें जबरदस्त प्रतिभा थी। वह उस समय से ही विकेटकीपिंग और बल्लेबाजी दोनों कर रहा था।' थरूर ने कहा, 'मैंने उससे (सैमसन से) कहा था कि वह अगला धोनी बनेगा। वर्षों बाद जब मैंने उस टिप्पणी की बात की तो मेरे दोस्त गौतम गंभीर ने कहा, 'नहीं, नहीं, उसे अगला धोनी बनने की जरूरत नहीं है, वह खुद में खास, बस संजू सैमसन होगा। और वह बिल्कुल वैसा ही साबित हुआ है।'
तिरुवनंतपुरम से कांग्रेस सांसद ने कहा, 'जब मैं उसके साथ दुख-सुख में, कठिन समय में था तो मुझे ऐसा महसूस हुआ कि अगर वह खुद को संभाल सके तो सब कुछ वापस आ जाएगा। उसमें प्रतिभा हमेशा से मौजूद थी।' उन्होंने कहा, 'मुझे लगता है कि वेस्टइंडीज के खिलाफ मैच में जब उसने खेलना शुरू किया तो मैंने उसकी आंखों में कुछ ऐसा देखा कि मैंने उसी पल कह दिया, 'यह लड़का आज आउट नहीं होने वाला'।'
थरूर ने कहा, 'बाद में मैंने उन्हें यह बताया भी। क्योंकि मैं टीवी पर देख रहा था। आप उनकी आंखों में, उनके चेहरे पर वह आत्मविश्वास देख सकते थे। उन्होंने 97 रन बनाकर नाबाद पारी खेली। वह उस मैच में आउट ही नहीं हुए।' उन्होंने सैमसन की सेमीफाइनल और फाइनल दोनों मैचों में 89-89 रन की पारियों का भी जिक्र किया।

