IND vs AFG: ''वह पंत का सामान्य शॉट नहीं था'', पूर्व विकेटकीपर ने बताई ऋषभ पंत के आउट होने की वजह

punjabkesari.in Sunday, Jun 07, 2026 - 05:52 PM (IST)

स्पोर्ट्स डेस्क: भारत और अफगानिस्तान के बीच मुल्लांपुर में खेले जा रहे एकमात्र टेस्ट मैच के दूसरे दिन ऋषभ पंत शानदार शतक से चूक गए। भारतीय विकेटकीपर-बल्लेबाज 121 गेंदों में 81 रन बनाकर आउट हुए। उनकी इस पारी में आक्रामकता और संयम का बेहतरीन मिश्रण देखने को मिला, लेकिन वह अपने सातवें टेस्ट शतक से सिर्फ 19 रन दूर रह गए।

564 रन पर पहुंचा भारत का स्कोर

कप्तान शुभमन गिल (126) और केएल राहुल (100) के शतकों की बदौलत भारत ने पहली पारी में 127 ओवर में 8 विकेट पर 564 रन बनाकर पारी घोषित की। पंत ने गिल के साथ अहम साझेदारी निभाई और टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाने में बड़ी भूमिका निभाई। वॉशिंगटन सुंदर ने भी नाबाद 52 रन बनाए।

सबा करीम ने बताई पंत के आउट होने की वजह

पूर्व भारतीय विकेटकीपर और चयनकर्ता सबा करीम का मानना है कि पंत का विकेट खराब शॉट का नतीजा नहीं था। उनके अनुसार भीषण गर्मी और डिहाइड्रेशन के कारण पंत की एकाग्रता प्रभावित हुई। करीम ने कहा कि पंत पूरी तरह नियंत्रण में बल्लेबाजी कर रहे थे और ऐसा लग रहा था कि वह बड़ी पारी खेलेंगे।

करीम ने जियो हॉटस्टार से बातचीत में कहा, 'मैं ऋषभ पंत से बड़ी पारी की उम्मीद कर रहा था। वह पूरी तरह नियंत्रण में दिख रहे थे। लेकिन आउट होने से एक ओवर पहले ही ऐसा लग रहा था कि उनकी ऊर्जा कम हो रही है। उन्हें फिजियो की मदद भी लेनी पड़ी थी और संभवतः वह डिहाइड्रेशन का शिकार हो रहे थे।'

'यह पंत का सामान्य शॉट नहीं था'

करीम ने कहा कि आमतौर पर पंत तब बड़ा शॉट खेलने की कोशिश नहीं करते जब लॉन्ग-ऑन और लॉन्ग-ऑफ दोनों बाउंड्री पर मौजूद हों। उनके मुताबिक पंत रन गति बढ़ाने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन उन्हें मनचाही गेंद नहीं मिली और वह हशमतुल्लाह शाहिदी की गेंद पर कैच दे बैठे।

उन्होंने कहा, 'जब भी ऋषभ पंत बड़ा शॉट खेलते हैं, उनकी फुटवर्क और गेंद के चयन में स्पष्टता दिखाई देती है। इस बार ऐसा नहीं था, इसलिए मुझे लगता है कि यह थकान और एकाग्रता में आई कमी का परिणाम था।'

भारत ने मैच पर बनाई मजबूत पकड़

भारत के 564 रन के जवाब में अफगानिस्तान ने दूसरे दिन का खेल समाप्त होने तक 113/5 का स्कोर बनाया। डेब्यू कर रहे मानव सुथार ने तीन विकेट लेकर भारत की पकड़ और मजबूत कर दी। ऐसे में पंत की 81 रन की पारी भारत के विशाल स्कोर की नींव रखने वाली अहम पारियों में शामिल रही।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Ishtpreet Singh

Related News