फ्रेंच ओपन 2026: इनामी राशि पर भड़के दिग्गज खिलाड़ी, हिस्सेदारी घटने पर जताई नाराजगी

punjabkesari.in Monday, May 04, 2026 - 03:52 PM (IST)

स्पोर्ट्स डेस्क: फ्रेंच ओपन 2026 शुरू होने से पहले कई दिग्गज टेनिस खिलाड़ियों ने इनामी राशि को लेकर अपनी नाराजगी जाहिर की है। Novak Djokovic, Jannik Sinner, Aryna Sabalenka और Coco Gauff जैसे स्टार खिलाड़ियों ने इसे लेकर ‘गहरी निराशा’ व्यक्त की है। यह ग्रैंड स्लैम टूर्नामेंट इस महीने के अंत में पेरिस में शुरू होगा।

सिर्फ इनामी राशि ही नहीं, अन्य मुद्दे भी

खिलाड़ियों का कहना है कि उनकी चिंता सिर्फ प्राइज मनी तक सीमित नहीं है। उन्होंने बेहतर प्रतिनिधित्व, खिलाड़ियों के स्वास्थ्य और पेंशन जैसे मुद्दों पर भी ध्यान देने की मांग की है। इन मुद्दों पर आयोजकों की ओर से ठोस कदम नहीं उठाए जाने पर असंतोष बढ़ा है।

इनामी राशि में बढ़ोतरी, फिर भी असंतोष

आयोजकों ने हाल ही में घोषणा की थी कि फ्रेंच ओपन की कुल पुरस्कार राशि में करीब 10% की बढ़ोतरी की गई है। अब कुल प्राइज मनी 61.7 मिलियन यूरो हो गई है, जो पिछले साल से 5.3 मिलियन यूरो अधिक है। इसके बावजूद खिलाड़ियों का मानना है कि यह बढ़ोतरी पर्याप्त नहीं है।

राजस्व में हिस्सेदारी घटने का आरोप

खिलाड़ियों ने बयान में कहा कि टूर्नामेंट के कुल राजस्व में उनकी हिस्सेदारी लगातार घट रही है। 2024 में जहां खिलाड़ियों का हिस्सा 15.5% था, वहीं 2026 में इसके 14.9% रहने की संभावना है। यानी बढ़ती कमाई के बावजूद खिलाड़ियों को अपेक्षाकृत कम हिस्सा मिल रहा है।

आंकड़े बताते हैं अलग कहानी

खिलाड़ियों के मुताबिक, 2025 में फ्रेंच ओपन का कुल राजस्व 395 मिलियन यूरो रहा, जो पिछले साल से 14% ज्यादा था। इसके मुकाबले प्राइज मनी में केवल 5.4% की बढ़ोतरी हुई। इससे खिलाड़ियों की हिस्सेदारी घटकर 14.3% तक आ गई है, जो चिंता का विषय है।

इनामी राशि का पूरा ब्योरा

फ्रेंच ओपन 24 मई से शुरू होगा।

सिंगल्स चैंपियन: 28 लाख यूरो
रनर-अप: 14 लाख यूरो
सेमीफाइनलिस्ट: 7.5 लाख यूरो
पहले राउंड में हारने वाले: 87,000 यूरो
डबल्स विजेता: 600,000 यूरो
मिक्स्ड डबल्स विजेता: 122,000 यूरो


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Ishtpreet Singh

Related News