टीम इंडिया के कोच बनने के लिए जय शाह ने कैसे मनाया? गौतम गंभीर ने खोला राज
punjabkesari.in Wednesday, Mar 11, 2026 - 03:03 PM (IST)
स्पोर्ट्स डेस्क : भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम के मौजूदा हेड कोच गौतम गंभीर ने हाल ही में बड़ा खुलासा किया है। उन्होंने बताया कि जब उन्हें टीम इंडिया का हेड कोच बनने का ऑफर मिला था, तब वह इसके लिए पूरी तरह तैयार नहीं थे। जुलाई 2024 में गंभीर ने राहुल द्रविड़ की जगह भारतीय टीम के हेड कोच का पद संभाला था। गंभीर ने न्यूज एजेंसी ANI के पॉडकास्ट में बातचीत के दौरान बताया कि यह ऑफर उन्हें अचानक मिला था और उस समय उन्होंने इसके बारे में ज्यादा सोचा भी नहीं था।
आईपीएल मैच के दौरान आया था जय शाह का फोन
गौतम गंभीर ने बताया कि उस समय वह आईपीएल मैच के सिलसिले में मुंबई में थे। उन्होंने कहा कि कोलकाता नाइट राइडर्स और मुंबई इंडियंस के मैच से पहले वह मुंबई के सेंट रेजिस होटल में ठहरे हुए थे। उसी दौरान सुबह-सुबह जय शाह का फोन आया।
गंभीर ने कहा, 'मुझे याद है कि हम मुंबई में आईपीएल का मैच खेल रहे थे। उसी दौरान सुबह जय भाई का फोन आया। उन्होंने कहा कि मुझे आपको एक ऑफर देना है और आप इसे मना नहीं कर सकते। जब मैंने पूछा कि क्या ऑफर है तो उन्होंने कहा कि आपको भारतीय टीम का हेड कोच बनना होगा। सच कहूं तो उस समय मैं इसके लिए तैयार नहीं था।'
टीम इंडिया का कोच बनना गर्व की बात
गंभीर ने कहा कि भारतीय टीम का हेड कोच बनना उनके लिए गर्व और सम्मान की बात है। उन्होंने कहा कि बहुत कम पूर्व क्रिकेटरों को दोबारा भारतीय ड्रेसिंग रूम में जाकर देश के लिए काम करने का मौका मिलता है। गंभीर ने बताया कि इस फैसले से पहले उन्होंने अपने परिवार और पत्नी नताशा से भी चर्चा की थी। साथ ही उन्होंने इस अवसर के लिए जय शाह का आभार भी जताया।
अनुभव नहीं होने के बावजूद मिला भरोसा
गंभीर ने माना कि जब उन्हें यह जिम्मेदारी दी गई, तब उनके पास किसी भी टीम के हेड कोच के रूप में काम करने का अनुभव नहीं था। वह इससे पहले सिर्फ आईपीएल में मेंटॉर की भूमिका निभा चुके थे। गंभीर ने कहा कि इतने बड़े और दबाव वाले पद के लिए उन पर भरोसा जताना अपने आप में बड़ी बात थी और वह उम्मीद करते हैं कि वह इस भरोसे पर खरे उतरने की कोशिश कर रहे हैं।
मुश्किल समय में जय शाह ने बढ़ाया हौसला
गौतम गंभीर ने अपने कार्यकाल के कठिन दौर को भी याद किया। उन्होंने बताया कि घरेलू मैदान पर न्यूजीलैंड और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मिली हार उनके लिए काफी निराशाजनक थी। उन्होंने कहा कि उस समय बहुत कम लोगों ने उनसे संपर्क किया, लेकिन जय शाह ने उन्हें फोन कर हौसला दिया।
गंभीर ने कहा, 'जब न्यूजीलैंड के खिलाफ मुंबई में हार मिली थी, तब मैं एयरपोर्ट जा रहा था और उसी समय जय शाह का फोन आया। उन्होंने कहा कि मजबूत बने रहो, मैं तुम्हारे साथ हूं। इसके बाद दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ हार के बाद भी उन्होंने मुझे फोन किया। उस समय मैं काफी निराश था।'

