IPL 2024 : गुजरात के शुभमन गिल ने हार्दिक की मुंबई को 6 रन से हराया

punjabkesari.in Sunday, Mar 24, 2024 - 11:20 PM (IST)

स्पोर्ट्स डेस्क : अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए रोमांचक मुकाबले में गुजरात टाइटंस ने मुंबई इंडियंस को 6 रन से हरा दिया। मुंबई की हार इसलिए भी चर्चा में रही क्योंकि इनके कप्तान गुजरात टाइटंस छोड़कर ही मुंबई इंडियंस में आए थे। उक्त मुकाबला शुभमन गिल बनाम हार्दिक पांड्या के तौर पर देखा जा रहा था जिसमें अंत में शुभमन जीतने में सफल रहे। मैच की बात करें तो गुजरात ने पहले खेलते हुए शुभमन के 31, साईं सुदर्शन के 45 रनों की बदौलत 168 रन बनाए थे। जवाब में मुंबई रोहित के 43 और देवाल्ड ब्रेविस के 46 रनों के बावजूद जीत हासिल नहीं कर पाई। 

 

गुजरात टाइटंस : 168/6 (20 ओवर)

गुजरात को साहा और कप्तान शुभमन गिल ने अच्छी शुरूआत दी। साहा ने जहां 15 गेंदों पर 19 रन बनाए तो शुभमन गिल ने 22 गेंदों पर 3 चौकों की मदद से 31 रन बनाए। इसके बाद उमरजर्ज 11 गेंदों पर 17 रन बनाकर आऊट हो गए। साईं सुदर्शन ने एक छोर संभाला और ताबड़तोड़ हिट लगाईं। उन्होंने 39 गेंदों पर तीन चौके और एक छक्के की मदद से 45 रन बनाए। इसके बाद डेविड मिलर 11 गेंदों पर 12 रन बनाकर आऊट हो गए। गुजरात को राहुल तेवतिया से सहयोग मिला जिन्होंने 15 गेंदों पर 22 रन बनाए। आखिरी ओवर में विजय शंकर ने कुछ हिट लगाकर स्कोर 168 तक पहुंचा दिया। मुंबई के लिए जसप्रीत बुमराह ने महज 14 रन देकर 3 विकेट लिए।

 

मुंबई इंडियंस : 162/9 (20 ओवर)

मुंबई की शुरूआत अच्छी नहीं रही। ईशान किशन 0 रन पर आऊट हो गए। रोहित शर्मा ने एक छोर संभाला और स्कोर आगे बढ़ाया। इस दौरान नमन धीर ने 10 गेंदों पर 20 रन बनाए। रोहित और देवाल्ड ब्रेविस ने स्कोर 107 तक पहुंचाया। रोहित ने 29 गेंदों पर 7 चौके और एक छक्के की मदद से 43 रन बनाए। ब्रेविस अच्छे टच में नजर आए। देवाल्ड ने 38 गेंदों पर दो चौके और तीन छक्कों की मदद से 46 रन बनाए। मुंबई को स्पेंसर जॉनसन ने दो झटके देकर हालत खराब कर दी थी। लेकिन हार्दिक पांड्या ने आखिरी ओवर में एक चौका और एक छक्का लगाकर सबकी धड़कनें बढ़ा दी। हालांकि इसी ओवर में हार्दिक आऊट हो गए। इसके बाद मुंबई लक्ष्य तक पहुंच नहीं पाई और 0 रन से मुकाबला गंवा दिया।


 

 

दोनों टीमों की प्लेइंग 11

गुजरात टाइटंस : शुभमन गिल (कप्तान), रिद्धिमान साहा (विकेटकीपर), साई सुदर्शन, विजय शंकर, डेविड मिलर, अजमतुल्लाह उमरजई, राहुल तेवतिया, राशिद खान, उमेश यादव, रविश्रीनिवासन साई किशोर, स्पेंसर जॉनसन

मुंबई इंडियंस : रोहित शर्मा, इशान किशन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा, नमन धीर, हार्दिक पंड्या (कप्तान), टिम डेविड, शम्स मुलानी, पीयूष चावला, गेराल्ड कोएत्ज़ी, जसप्रित बुमरा, ल्यूक वुड

गुजरात टाइटंस के सदस्य: बीआर शरथ, मोहित शर्मा, मानव सुथार, अभिनव मनोहर, नूर अहमद

मुंबई इंडियंस के सदस्य: डेवाल्ड ब्रेविस, रोमारियो शेफर्ड, विष्णु विनोद, नेहल वढेरा, मोहम्मद नबी

 

 

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Jasmeet

Recommended News

Related News