IPL 2026: MI की हार पर हार्दिक पंड्या का कबूलनामा, बोले- हम वो नहीं कर पा रहे जो MI की पहचान है

punjabkesari.in Thursday, Apr 30, 2026 - 10:14 AM (IST)

स्पोर्ट्स डेस्क : IPL 2026 में 29 अप्रैल को वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में मुंबई इंडियंस (MI) को एक और बड़ी हार का सामना करना पड़ा। MI ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 243/5 का विशाल स्कोर खड़ा किया, लेकिन सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) ने इस लक्ष्य को 6 विकेट और 8 गेंद शेष रहते आसानी से हासिल कर लिया। यह MI की इस सीजन में 8 मैचों में छठी हार रही, जिससे टीम की प्लेऑफ उम्मीदों को बड़ा झटका लगा है।

गेंदबाजों का फ्लॉप शो, बुमराह भी महंगे साबित

मुंबई इंडियंस के गेंदबाज इस मुकाबले में पूरी तरह बेअसर नजर आए। यहां तक कि टीम के स्टार गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने भी 54 रन लुटा दिए। पूरी बॉलिंग यूनिट तालमेल के साथ प्रदर्शन करने में नाकाम रही, जिसका फायदा SRH के बल्लेबाजों ने जमकर उठाया।

हार्दिक पंड्या का बड़ा बयान

हार के बाद कप्तान हार्दिक पंड्या ने टीम के प्रदर्शन पर निराशा जताई, लेकिन गेंदबाजों को दोष देने से बचते नजर आए। उन्होंने कहा, 'इस सीजन में हमारे पास ज्यादा विकल्प नहीं हैं। हमें देखना होगा कि हम क्या बदलाव कर सकते हैं। मैं अपने गेंदबाजों को दोष नहीं दूंगा, लेकिन एक टीम के रूप में हम वो नहीं कर पाए जो मुंबई इंडियंस की पहचान है।' उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि टीम को अपनी कमजोरियों पर जल्द काम करना होगा।

फैंस के लिए पंड्या का मैसेज

हार्दिक पंड्या ने टीम के फैंस, मालिकों और सपोर्ट स्टाफ का आभार जताया और कहा कि टीम उनके भरोसे पर खरी नहीं उतर पाई है। उन्होंने कहा, 'हमारे फैंस बेहद वफादार हैं, लेकिन हमने उन्हें खुश होने के ज्यादा मौके नहीं दिए। कभी-कभी दुख होता है जब विपक्षी टीम के लिए स्टेडियम में ज्यादा शोर होता है। हमें उन्हें खुश करने के लिए और बेहतर खेलना होगा।'

बल्लेबाजी में चमके रिकेल्टन और पंड्या

हालांकि टीम हार गई, लेकिन बल्लेबाजी में रयान रिकेल्टन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए नाबाद 123 रन बनाए। वहीं, हार्दिक पंड्या ने भी 15 गेंदों में 31 रन की तेज पारी खेली। पंड्या ने कहा कि उन्हें अपनी बल्लेबाजी में मजा आया, लेकिन 244 रन का स्कोर डिफेंड न कर पाना निराशाजनक है।

फील्डिंग की गलतियों पर भी जताई नाराजगी

पंड्या ने मैच के दौरान छूटे कैच और खराब फील्डिंग को हार की बड़ी वजह बताया। उन्होंने कहा, 'इस सीजन में ऐसा कई बार हुआ है। जब मौके मिलते हैं तो उन्हें पकड़ना जरूरी होता है। अगर आप ऐसा नहीं करते, तो मैच हाथ से निकल जाता है।'

पॉइंट्स टेबल में MI की हालत खरा

इस हार के बाद मुंबई इंडियंस अंक तालिका में नौवें स्थान पर बनी हुई है। टीम का अगला मुकाबला 2 मई को चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) से होगा, जो उनके लिए ‘करो या मरो’ जैसा मैच साबित हो सकता है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Ishtpreet Singh

Related News