Hockey World Cup 2023 : हरमनप्रीत कप्तान तो अमित होंगे उप-कप्तान, ऐसी है पूरी भारतीय टीम

punjabkesari.in Saturday, Jan 07, 2023 - 04:23 PM (IST)

स्पोर्ट्स डैस्क : हॉकी पुरुष विश्व कप 2023 की शुरूआत 13 जनवरी को होने जा रही है, जबकि फाइनल 29 जनवरी को खेला जाएगा। टूर्नामेंट भुवनेश्वर और राउरकेला में आयोजित किया जाएगा। ड्रैग फ्लिकर हरमनप्रीत सिंह भारतीय पुरुष हॉकी टीम की कप्तानी करेंगे, जबकि अमित रोहिदास को टीम के उप-कप्तान के रूप में नामित किया गया है। बेंगलुरू के SAI केंद्र में 33 खिलाड़ियों के दो दिवसीय परीक्षण के बाद भारतीय टीम का ऐलान किया गया था। 

कृष्ण बी पाठक और अनुभवी पीआर श्रीजेश को 18 सदस्यीय दल में दो गोलकीपर के रूप में चुना गया है। टखने की चोट के कारण भारत के हाल के ऑस्ट्रेलिया दौरे और FIH हॉकी प्रो लीग में चूकने के बाद होनहार युवा मिडफील्डर विवेक सागर प्रसाद भी अपना जलवा बिखेरते नजर आएंगे।

मनप्रीत सिंह, जिन्होंने टोक्यो 2020 ओलंपिक में भारत को कांस्य पदक दिलाया था, वह भी टीम में होंगे और उन्हें मिडफील्ड को संभालने का काम सौंपा जाएगा। फॉरवर्डलाइन अनुभव और युवाओं का एक अच्छा मिश्रण है, जिसमें मंदीप सिंह और ललित कुमार उपाध्याय युवा अभिषेक और सुखजीत सिंह के साथ शामिल हैं, जिन्होंने इस साल की शुरुआत में अपनी राष्ट्रीय टीम की शुरुआत के बाद प्रभावित किया है। राजकुमार पाल और जुगराज सिंह को दो रिजर्व खिलाड़ियों के रूप में नामित किया गया है।

PunjabKesari

भारत को पूल डी में रखा गया है और वह राउरकेला में 13 जनवरी को स्पेन के खिलाफ अपने 2023 विश्व कप अभियान की शुरुआत करेगा। इंग्लैंड और वेल्स उनके पूल की अन्य दो टीमें हैं। 2023 संस्करण भारत में आयोजित चौथा FIH हॉकी पुरुष विश्व कप होगा। भारत का अब तक का एकमात्र विश्व कप खिताब 1975 में आया था, जब उन्होंने मलेशिया के कुआलालंपुर में फाइनल में पाकिस्तान को 2-1 से हराया था।

FIH विश्व कप 2023 के लिए भारतीय हॉकी की पूरी टीम-
गोलकीपर: कृष्ण बहादुर पाठक, पीआर श्रीजेश

डिफेंडर्स: जरमनप्रीत सिंह, सुरेंद्र कुमार, हरमनप्रीत सिंह (कप्तान), वरुण कुमार, अमित रोहिदास (उपकप्तान), नीलम संजीप

मिडफील्डर: मनप्रीत सिंह, हार्दिक सिंह, नीलकांत शर्मा, शमशेर सिंह, विवेक सागर प्रसाद, आकाशदीप सिंह

फॉरवर्ड : मनदीप सिंह, ललित कुमार उपाध्याय, अभिषेक, सुखजीत सिंह

रिजर्व खिलाड़ी: राजकुमार पाल, जुगराज सिंह

प्रमुख कोच: ग्राहम रीड


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Rahul Singh

Recommended News

Related News