IND vs ENG, 2nd T20I: जानें हेड-टू-हेड रिकॉर्ड, मौसम-पिच रिपोर्ट और संभावित प्लेइंग 11

punjabkesari.in Saturday, Jul 04, 2026 - 10:24 AM (IST)

स्पोर्ट्स डेस्क : भारत और इंग्लैंड के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज का दूसरा मुकाबला शनिवार, 4 जुलाई को मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड मैदान पर खेला जाएगा। सीरीज का पहला मुकाबला डरहम में बारिश की भेंट चढ़ गया था। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 189/7 का स्कोर बनाया था, लेकिन इंग्लैंड की पारी शुरू होने से पहले ही बारिश ने मैच रद्द करा दिया। ऐसे में दोनों टीमें दूसरे मुकाबले में जीत के साथ सीरीज में बढ़त बनाने के इरादे से उतरेंगी।

IND vs ENG T20I हेड-टू-हेड रिकॉर्ड

भारत और इंग्लैंड के बीच अब तक कुल 31 टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले गए हैं।

कुल मैच: 31
भारत जीता: 18
इंग्लैंड जीता: 12
बेनतीजा: 1

ओल्ड ट्रैफर्ड में दोनों टीमों के बीच अब तक दो टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले गए हैं, जिसमें दोनों ने एक-एक मैच जीता है।

ओल्ड ट्रैफर्ड पिच रिपोर्ट

मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड की पिच शुरुआत में तेज गेंदबाजों को मदद देती है। नई गेंद से सीम और स्विंग देखने को मिल सकती है, लेकिन जैसे-जैसे मैच आगे बढ़ता है, बल्लेबाजी आसान हो जाती है। बीच के ओवरों में स्पिनरों को भी कुछ मदद मिल सकती है। ऐसे में टॉस जीतने वाली टीम परिस्थितियों को देखते हुए पहले गेंदबाजी करना पसंद कर सकती है।

मौसम रिपोर्ट

ब्रिटेन के मौसम विभाग Met Office के अनुसार 4 जुलाई को मैनचेस्टर में मैच के दौरान बारिश की संभावना काफी कम है। दिनभर बादल छाए रहने की उम्मीद है, लेकिन मुकाबले के दौरान बारिश की संभावना लगभग 10 प्रतिशत है। हालांकि स्थानीय समयानुसार शाम करीब 8 बजे (भारतीय समयानुसार देर रात) हल्की फुहारें पड़ सकती हैं, लेकिन फिलहाल पूरे 20-20 ओवर का मुकाबला होने की उम्मीद जताई जा रही है।

पहले टी20 में क्या हुआ था?

डरहम में खेले गए पहले टी20 में भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी की थी। शुरुआती झटकों के बाद अभिषेक शर्मा (24 गेंद में 59 रन) और कप्तान श्रेयस अय्यर (47 गेंद में 68 रन) ने तीसरे विकेट के लिए सिर्फ 38 गेंदों में 82 रन जोड़कर भारत को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। आखिर में शिवम दुबे ने 21 गेंदों पर नाबाद 42 रन बनाकर टीम का स्कोर 189/7 तक पहुंचाया।

इंग्लैंड की ओर से साकिब महमूद सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने चार ओवर में 33 रन देकर तीन विकेट झटके। हालांकि बारिश के कारण इंग्लैंड की बल्लेबाजी शुरू ही नहीं हो सकी और मैच रद्द घोषित कर दिया गया।

संभावित प्लेइंग 11

भारत : यशस्वी जायसवाल, अभिषेक शर्मा, श्रेयस अय्यर (कप्तान), संजू सैमसन, ईशान किशन (विकेटकीपर), शिवम दुबे, हार्दिक पंड्या, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह, वरुण चक्रवर्ती।

इंग्लैंड : फिल साल्ट (विकेटकीपर), बेन डकेट, हैरी ब्रूक (कप्तान), जोस बटलर, जैकब बेथेल, लियाम लिविंगस्टोन, जैकब डफी, साकिब महमूद, जोफ्रा आर्चर, आदिल राशिद, ब्रायडन कार्स।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Ishtpreet Singh

Related News