ENG vs IND : इंग्लैंड में भारत को एक और झटका, बड़ा खिलाड़ी तीसरे वनडे से बाहर

punjabkesari.in Friday, Jul 17, 2026 - 03:08 PM (IST)

स्पोर्ट्स डेस्क : हैमस्ट्रिंग की चोट के कारण वॉशिंगटन सुंदर इंग्लैंड के खिलाफ लॉर्ड्स में होने वाले तीसरे वनडे (जो सीरीज का निर्णायक मैच है) से बाहर हो गए हैं। कार्डिफ में दूसरे वनडे में बल्लेबाजी करते समय तमिलनाडु के इस स्टार खिलाड़ी को हैमस्ट्रिंग की चोट लग गई थी जिसके कारण उन्हें दूसरी पारी में मैदान से बाहर रहना पड़ा। सुंदर की चोट भारत के लिए एक और झटका है क्योंकि टीम पहले से ही हर्षित राणा और नीतीश कुमार रेड्डी की सेवाओं के बिना खेल रही है, हर्षित T20I सीरीज खत्म होने से पहले चोटिल हो गए थे, जबकि नीतीश अभी पूरी तरह से ठीक नहीं हुए हैं।

वॉशिंगटन सुंदर तीसरे वनडे से बाहर 

न्यूज एजेंसी के अनुसार वॉशिंगटन सुंदर तीसरे वनडे से बाहर हो गए हैं और उनके कुछ समय तक खेल से दूर रहने की संभावना है। यह घटना तब हुई जब ऑलराउंडर बल्लेबाजी कर रहे थे और मिड-ऑफ की तरफ गेंद मारने के बाद उन्होंने अपना पहला रन लिया। ऐसा लगा कि वाशी की हैमस्ट्रिंग खिंच गई है, जिससे उनके लिए विकेटों के बीच दौड़ना मुश्किल हो गया। दो गेंद बाद, वह जोस बटलर के हाथों विकेट के पीछे कैच आउट हो गए और 5 गेंदों में सिर्फ 2 रन बनाकर आउट हो गए।

विराट कोहली के आउट होने के बाद सुंदर छठे नंबर पर बल्लेबाजी करने आए थे। अय्यर और पूर्व भारतीय कप्तान ने चौथे विकेट के लिए 67 रनों की साझेदारी की थी और भारत के लिए एक और बड़ी साझेदारी जरूरी थी। हालांकि ऐसा नहीं हो सका क्योंकि सुंदर चोटिल हो गए थे। मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में बोलते हुए भारतीय क्रिकेट टीम के बैटिंग कोच सितांशु कोटक ने बताया कि ऑलराउंडर की चोट के कारण भारत एक अच्छी साझेदारी नहीं कर सका जिससे वे एक चुनौतीपूर्ण लक्ष्य तय करने से चूक गए।

कोटक ने कहा, 'मुझे व्यक्तिगत रूप से लगा कि वॉशिंगटन को चोट लगी थी, मिड-ऑफ की तरफ पहला रन लेते समय उनकी हैमस्ट्रिंग में चोट आ गई थी। ऐसा लग रहा था कि उन्हें चोट लगी है। फिर अगली ही गेंद पर वह आउट हो गए। वहां से हम फिर से एक साझेदारी चाहते थे, लेकिन दुर्भाग्य से हमने अक्षर पटेल और शिवम दुबे के विकेट गंवा दिए।' 

वहीं कप्तान शुभमन गिल ने कहा कि सुंदर की चोट से टीम की लय बिगड़ गई क्योंकि उन्हें अपनी रणनीति बदलनी पड़ी। उन्होंने कहा कि वाशी टीम का एक अहम हिस्सा थे और अगर उन्हें चोट न लगी होती, तो बल्लेबाजी के दौरान दबाव कम करने में उनकी भूमिका हो सकती थी। 

गिल ने कहा, 'आप जानते हैं, वह हमारी टीम का अहम हिस्सा हैं। मुझे लगता है कि बल्लेबाजी करते समय, मिड-ऑफ की तरफ रन लेने के दौरान उन्हें चोट लगी। शायद इससे दबाव कम करने में मदद मिलती। हमें पूरी पारी में अपने मुख्य गेंदबाजों से गेंदबाजी करानी पड़ी। मुझे नहीं लगता कि इससे बहुत बड़ा फर्क पड़ता, क्योंकि तेज गेंदबाजों को पिच से मदद मिल रही थी। लेकिन जब आप इस तरह किसी अहम खिलाड़ी को खो देते हैं, तो आपको अपनी रणनीति बदलनी पड़ती है, यह तय करना पड़ता है कि कौन गेंदबाजी करेगा। तो उस लिहाज से, हां, हमारी लय थोड़ी बिगड़ी।' 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Sanjeev

Related News