IND vs ENG 3rd T20I: जानिए मौसम-पिच रिपोर्ट, हेड-टू-हेड रिकॉर्ड और संभावित प्लेइंग 11

punjabkesari.in Tuesday, Jul 07, 2026 - 11:00 AM (IST)

स्पोर्ट्स डेस्क : भारत और इंग्लैंड के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज का तीसरा मुकाबला मंगलवार, 7 जुलाई को खेला जाएगा। यह मुकाबला टीम इंडिया के लिए करो या मरो जैसा होगा। दूसरे टी20 में मिली हार के बाद भारतीय टीम की प्लेइंग इलेवन में बदलाव तय माने जा रहे हैं। ऐसे में सभी की नजरें इस बात पर होंगी कि कप्तान श्रेयस अय्यर किस खिलाड़ी पर भरोसा जताते हैं। मैच से पहले जानिए संभावित प्लेइंग XI, हेड-टू-हेड रिकॉर्ड, पिच रिपोर्ट और नॉटिंघम के मौसम का हाल।

हेड-टू-हेड रिकॉर्ड

कुल मुकाबले: 32
भारत जीता: 18
इंग्लैंड जीता: 13
कोई नतीजा नहीं: 1

पिच रिपोर्ट

नॉटिंघम के ट्रेंट ब्रिज की पिच आमतौर पर बल्लेबाजों के लिए अनुकूल मानी जाती है। यहां गेंद बल्ले पर अच्छी तरह आती है और छोटे बाउंड्री होने के कारण बड़े स्कोर देखने को मिलते हैं। अब तक खेले गए छह पुरुष टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में चार बार 190 से ज्यादा का स्कोर बना है। हालांकि गर्म मौसम के कारण स्पिन गेंदबाजों को भी थोड़ी मदद मिलने की उम्मीद है।

मौसम का हाल

मैच के दिन नॉटिंघम में बादल छाए रहने की संभावना है, लेकिन बारिश की आशंका बेहद कम है। मौसम गर्म और हल्की हवा वाला रहने का अनुमान है, जिससे पूरे 20-20 ओवर का मुकाबला होने की उम्मीद है।

भारत के लिए करो या मरो की चुनौती

मैनचेस्टर में खेले गए दूसरे टी20 में 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू कर इतिहास रचा, लेकिन इंग्लैंड ने शानदार वापसी करते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया। जैकब बेथेल की नाबाद 76 रन की पारी और रवि बिश्नोई के 17वें ओवर में पड़े 29 रन ने मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया। इस जीत के साथ इंग्लैंड ने सीरीज में बढ़त बना ली।

इंग्लैंड प्लेइंग 11: फिल साल्ट, जोस बटलर, हैरी ब्रूक (कप्तान), जैकब बेथेल, टॉम बैंटन, सैम करन, विल जैक्स, लियाम डॉसन, जोफ्रा आर्चर, आदिल राशिद और जोश टंग। 

भारत संभावित प्लेइंग 11: अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, ईशान किशन, श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर/सूर्यांश शेडगे, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Ishtpreet Singh

Related News