T20 World Cup: भारत की जीत का सिलसिला टूटा, इतने मैचों बाद साउथ अफ्रीका ने दी मात

punjabkesari.in Monday, Feb 23, 2026 - 05:46 PM (IST)

स्पोर्ट्स डेस्क : अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में साउथ अफ्रीका ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 मुकाबले में भारत को 76 रन से हराकर बड़ा उलटफेर कर दिया। इस हार के साथ ही टीम इंडिया की टी20 वर्ल्ड कप में लगातार 12 मैचों की ऐतिहासिक जीत का सिलसिला टूट गया।

इतना ही नहीं, यह हार ICC टूर्नामेंट में भारत की 19 मैचों बाद पहली पराजय भी रही। इससे पहले भारत को इसी मैदान पर 2023 वनडे वर्ल्ड कप फाइनल में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ हार मिली थी।

मिलर-ब्रेविस की धमाकेदार साझेदारी ने बदला मैच

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी साउथ अफ्रीका की शुरुआत बेहद खराब रही। जसप्रीत बुमराह (3/15) और अर्शदीप सिंह (2/28) ने शुरुआती चार ओवरों में ही स्कोर 20/3 कर दिया।

लेकिन इसके बाद डेविड मिलर और डेवाल्ड ब्रेविस ने मैच का रुख पलट दिया। दोनों के बीच 51 गेंदों पर 97 रन की तेज साझेदारी हुई।

डेविड मिलर – 35 गेंदों पर 63 रन (7 चौके, 3 छक्के)
डेवाल्ड ब्रेविस – 29 गेंदों पर 45 रन
ट्रिस्टन स्टब्स – 24 गेंदों पर नाबाद 44 रन
साउथ अफ्रीका ने 20 ओवर में 187/7 का मजबूत स्कोर खड़ा किया।

भारतीय बल्लेबाजी पूरी तरह बिखरी

188 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत की शुरुआत बेहद खराब रही। कप्तान एडेन मार्करम ने खुद गेंदबाजी करते हुए पहले ओवर में ही ईशान किशन को शून्य पर आउट कर दिया।

इसके बाद विकेटों का सिलसिला जारी रहा। मार्को यानसेन (4/22) और केशव महाराज (3/24) ने भारतीय बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी। सूर्यकुमार यादव (18) और हार्दिक पांड्या (18) अच्छी शुरुआत को बड़े स्कोर में नहीं बदल सके। शिवम दुबे ने 37 गेंदों पर 42 रन बनाए, लेकिन टीम को हार से नहीं बचा सके। भारत 76 रन से मुकाबला हार गया।

सेमीफाइनल की राह हुई मुश्किल

यह हार भारत के नेट रन रेट (NRR) पर भी भारी पड़ी है। अब टीम इंडिया को 26 फरवरी को चेन्नई में जिम्बाब्वे के खिलाफ होने वाला मुकाबला हर हाल में जीतना होगा। दूसरी ओर, साउथ अफ्रीका ने यह दिखा दिया कि वह दबाव में भी वापसी कर सकती है और खिताब की प्रबल दावेदार है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Ishtpreet Singh

Related News