IPL में नहीं मिला खरीदार, केशव महाराज ने महिला टीम को दिया जीत का मंत्र
punjabkesari.in Monday, Apr 20, 2026 - 04:58 PM (IST)
स्पोर्ट्स डेस्क: IPL और PSL नीलामी में अनसोल्ड रहने वाले केशव महाराज ने मैदान के बाहर रहकर भी बड़ा प्रभाव डाला है। उन्होंने दक्षिण अफ्रीका महिला क्रिकेट टीम को ICC Women’s T20 World Cup 2026 से पहले भारत के खिलाफ सीरीज में अहम रणनीतिक मदद दी। उनकी सलाह ने टीम के स्पिन अटैक को नई धार दी, जिससे भारत की बल्लेबाजी पर दबाव बना।
क्लो ट्रायन को मिला महाराज का खास ‘मंत्र’
डरबन में खेले गए दूसरे टी20 मुकाबले में क्लो ट्रायन ने शानदार गेंदबाजी करते हुए भारत के बल्लेबाजों को जकड़ लिया। उन्होंने 4 ओवर में सिर्फ 22 रन देकर 2 विकेट लिए और ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ बनीं।
मैच के बाद ट्रायन ने कहा, 'केशव महाराज हमारे साथ थे और उन्होंने पहले ही कहा था कि इस मैच में कोई स्पिनर प्लेयर ऑफ द मैच बनेगा। मैं खुश हूं कि मैं उनके लिए ऐसा कर पाई।'
भारतीय बल्लेबाजों के खिलाफ चला स्पिन का जादू
महाराज की रणनीति के तहत ट्रायन ने भारतीय बल्लेबाजों को चकमा दिया। स्मृति मंधाना और जेमिमा रोड्रिग्स जैसी बल्लेबाजों को स्पिन जाल में फंसाया गया। सही लेंथ और प्लानिंग के चलते भारतीय बल्लेबाज बड़े शॉट खेलने के चक्कर में विकेट गंवाते नजर आए।
सुने लूस ने की महाराज की जमकर तारीफ
सुने लूस ने भी महाराज के योगदान को सराहा और कहा, 'उनके साथ काम करना शानदार अनुभव रहा। एक वर्ल्ड-क्लास गेंदबाज से सीखना हमारे लिए बहुत बड़ा फायदा है। उन्होंने अपने अनुभव से हमें नई चीजें सिखाईं।' उन्होंने आगे कहा, 'वह डरबन के हालात को अच्छे से जानते हैं और उनकी जानकारी ने हमें मैच में बढ़त दिलाई।'
सीरीज में दक्षिण अफ्रीका की मजबूत पकड़
दक्षिण अफ्रीका महिला क्रिकेट टीम ने इस जीत के साथ सीरीज में 2-0 की बढ़त बना ली है। टीम का आत्मविश्वास बढ़ा है और अब अगला मुकाबला जोहान्सबर्ग में खेला जाएगा, जहां वे अपनी लय बरकरार रखना चाहेंगे।
इंटरनेशनल क्रिकेट में जल्द दिखेंगे महाराज
भले ही IPL और PSL में उन्हें कोई खरीदार नहीं मिला, लेकिन केशव महाराज जल्द ही अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी करेंगे। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ आगामी सीरीज में वह दक्षिण अफ्रीका के लिए अहम भूमिका निभाते नजर आएंगे।

