जगदीशन का शतक, तिलक की दमदार वापसी, T20 WC से पहले भारत ए ने USA को रौंदा
punjabkesari.in Tuesday, Feb 03, 2026 - 10:28 AM (IST)
स्पोर्ट्स डेस्क: T20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले खेले गए हाई-स्कोरिंग वॉर्म-अप मुकाबले में India A ने संयुक्त राज्य अमेरिका (USA) को 38 रन से मात दी। इस मैच में भारतीय टीम प्रबंधन के लिए सबसे राहत भरी खबर तिलक वर्मा की सफल वापसी रही। निचले पेट की सर्जरी के बाद हैदराबाद के इस बाएं हाथ के बल्लेबाज ने प्रतिस्पर्धी क्रिकेट में सहज वापसी की।
IPL सितारों से सजी India A टीम ने उसी आक्रामक अंदाज में खेल दिखाया, जिसके लिए हाल के दिनों में सीनियर टीम जानी जाती है।
एन जगदीशन का विस्फोटक शतक
पहले बल्लेबाजी करते हुए तमिलनाडु के विकेटकीपर-बल्लेबाज नारायण जगदीशन ने मैच पर पूरी तरह कब्जा जमाया।जगदीशन ने सिर्फ 55 गेंदों में 104 रन की तूफानी पारी खेली, जिसमें 11 चौके और 5 छक्के शामिल रहे। उनकी इस पारी ने USA के गेंदबाजों को कोई मौका नहीं दिया और India A ने मजबूत स्कोर खड़ा किया।
USA की जुझारू बल्लेबाजी
सपाट पिच पर USA ने भी संघर्ष किया और मुकाबले में बने रहने की कोशिश की। टीम ने 200 रन बनाए, जिसमें भारतीय मूल के बल्लेबाज संजय कृष्णमूर्ति की 18 गेंदों में 41 रन की पारी सबसे खास रही।
इस दौरान लेग स्पिनर रवि बिश्नोई ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 3 विकेट झटके और जरूरत पड़ने पर वॉशिंगटन सुंदर के विकल्प के रूप में अपनी दावेदारी मजबूत की।
तिलक वर्मा की सफल वापसी
भारतीय चयनकर्ताओं, हेड कोच गौतम गंभीर और कप्तान सूर्यकुमार यादव की नजरें खासतौर पर तिलक वर्मा की मैच फिटनेस पर टिकी थीं। बेंगलुरु के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में तीन हफ्ते का “रिटर्न टू प्ले” प्रोटोकॉल पूरा करने के बाद तिलक ने इस मैच में पूरी तरह फिट नजर आए।
उन्होंने 24 गेंदों में 38 रन बनाए और इस दौरान बाएं हाथ के स्पिनरों हरमीत सिंह और नोस्तुश केनजीगे के खिलाफ दो जोरदार छक्के जड़े। तिलक ने खास तौर पर हरमीत को निशाना बनाया और उनके एक ओवर में तीन चौके लगाए। सबसे अहम बात यह रही कि बल्लेबाजी के दौरान उन्होंने किसी तरह की असहजता नहीं दिखाई।
फील्डिंग और गेंदबाजी में भी असर
तिलक ने फील्डिंग में भी शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने साइतेजा मुक्कामल्ला का एक बेहतरीन रनिंग कैच लपका।
इसके अलावा मैच में उन्होंने गेंदबाजी भी की, एक विकेट लिया और एक और कैच पकड़कर अपनी ऑलराउंड फिटनेस साबित की।
इस प्रदर्शन के बाद तिलक के सीनियर टीम में नंबर-3 स्थान दोबारा हासिल करने की संभावना मजबूत हो गई है, जिससे लगातार खराब फॉर्म से जूझ रहे संजू सैमसन पर दबाव बढ़ सकता है। वहीं ईशान किशन भी मौके की तलाश में हैं।
अन्य प्रदर्शन
आयुष बदोनी (कप्तान): 24 गेंदों में तेजतर्रार 60 रन, मैच में सबसे ज्यादा चर्चा में रहे
रियान पराग: वापसी की, लेकिन बल्लेबाजी और गेंदबाजी में ज्यादा मौके नहीं मिले
मयंक यादव: लंबी चोट के बाद बदले हुए एक्शन के साथ लौटे, कुछ तेज गेंदें फेंकीं लेकिन लय में नहीं दिखे (3 ओवर, 37 रन, 0 विकेट)

