T20 World Cup : बौखला गया पाकिस्तान का पूर्व क्रिकेटर, कहा- भारत नहीं पहुंचेगा सेमीफाइनल में
punjabkesari.in Friday, Feb 20, 2026 - 12:53 PM (IST)
स्पोर्ट्स डेस्क : टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर 8 मुकाबलों के बीच पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज मोहम्मद आमिर का एक बयान चर्चा में है। आमिर ने भविष्यवाणी की है कि भारतीय टीम सेमीफाइनल में जगह नहीं बना पाएगी। इतना ही नहीं, उन्होंने भारत के ग्रुप से दक्षिण अफ्रीका और वेस्ट इंडीज को अंतिम चार में पहुंचने का दावेदार बताया। उनके इस बयान ने क्रिकेट जगत में बहस छेड़ दी है, खासकर तब जब उन्होंने हाल ही में अभिषेक शर्मा की बल्लेबाजी पर भी सवाल उठाए थे।
भारत के सेमीफाइनल में पहुंचने पर संदेह
सुपर 8 ग्रुप फाइनल होने के बाद एक शो में आमिर से पूछा गया कि कौन-सी दो टीमें सेमीफाइनल के लिए क्वालिफाई करेंगी। उन्होंने भारत की जगह दक्षिण अफ्रीका और वेस्टइंडीज के आगे बढ़ने का समर्थन किया। आमिर ने कहा कि पाकिस्तान के खिलाफ मैच को छोड़ दें तो भारत की बल्लेबाजी अन्य मुकाबलों में संघर्ष करती दिखी। उनके मुताबिक, दक्षिण अफ्रीका और वेस्ट इंडीज जिस लय में खेल रहे हैं, वे किसी भी टीम को हराने की क्षमता रखते हैं।
ग्रुप में कड़ी टक्कर
भारत के सुपर 8 ग्रुप में जिम्बाब्वे भी शामिल है, लेकिन सेमीफाइनल में सिर्फ शीर्ष दो टीमें ही पहुंचेंगी। आमिर का मानना है कि मौजूदा फॉर्म को देखते हुए भारत के लिए राह आसान नहीं होगी। उनका यह बयान ऐसे समय आया है जब भारतीय टीम ने ग्रुप स्टेज में मिश्रित प्रदर्शन किया है और बल्लेबाजी क्रम की स्थिरता पर सवाल उठे हैं।
अभिषेक शर्मा पर तीखी टिप्पणी
आमिर ने हाल ही में भारत के ओपनर अभिषेक शर्मा को ‘स्लॉगर’ कहा था। उनका कहना है कि अभिषेक हर गेंद पर बड़ा शॉट खेलने की कोशिश करते हैं, जिससे उनके आउट होने की संभावना बढ़ जाती है। आमिर ने कहा कि तकनीकी रूप से मजबूत न होने के कारण अभिषेक को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मुश्किलों का सामना करना पड़ सकता है। उन्होंने दावा किया कि ऑफ स्टंप के बाहर गेंदबाजी होने पर अभिषेक को निर्णय लेने में दिक्कत होती है।
इंटरनेशनल क्रिकेट में ‘एक्सपोज’ होने का खतरा
आमिर के मुताबिक, बड़े मंच पर बल्लेबाजों की कमजोरियां जल्दी उजागर हो जाती हैं। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि मजबूत गेंदबाज हमेशा बल्लेबाज की कमजोरी को निशाना बनाते हैं और उसे कम्फर्ट जोन से बाहर निकालते हैं। उनका मानना है कि जब तक अभिषेक अपना ऑफ साइड गेम बेहतर नहीं करेंगे, तब तक लगातार सफलता पाना कठिन होगा। आमिर ने यह भी कहा कि अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में हर गेंद को हिट नहीं किया जा सकता, खासकर बड़े टूर्नामेंट में।

