RR vs RCB : राजस्थान की लगातार 5वीं हार, RCB 11 रन से जीती

punjabkesari.in Thursday, Apr 24, 2025 - 11:29 PM (IST)

खेल डैस्क : जोश हेजलवुड की आखिरी ओवरों में कातिलाना गेंदबाजी के चलते रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ चिन्नास्वामी स्टेडियम में 11 रन से जीत हासिल की है। यह राजस्थान की लगातार 5वीं हार है। जबकि आरसीबी इस जीत के साथ ही अंक तालिका में तीसरे स्थान पर पहुंच गई है। राजस्थान रॉयल्स ने टॉस जीतकर पहले फील्डिंग चुनी थी। विराट कोहली ने 42 गेंदों पर 70 तो देवदत्त पडिक्कल ने 27 गेंदों पर 50 रन बनाकर टीम का स्कोर 5 विकेट पर 205 तक पहुंचा दिया। जवाब में खेलने उतरी राजस्थान को जयसवाल और वैभव ने तेजतर्रार शुरूआत दी थी। जयसवाल अर्धशतक से चूक गए। इस दौरान मध्यक्रम में ध्रुव ज्यूरेल ने 47 रनों की पारी खेली। लेकिन अंत के ओवरों में हेजलवुड ने आकर तीन विकेट निकाले और राजस्थान को जीत हासिल करने से रोक दिया। हेजलवुड ने 33 रन देकर 4 विकेट लिए।
 

 

यह भी पढ़ें:-  उम्र 23, हौसला पहाड़, यशस्वी जयसवाल ने बनाया ऐसा रिकॉर्ड, 7 बल्लेबाज छूटे पीछे

 

 

यह भी पढ़ें:-  Virat Kohli टॉप गेयर में, 9 पारियां, 5 फिफ्टी, ऑरेंज कैप के भी बने दावेदार

 

 


अंक तालिका : आरसीबी 12 अंक के साथ तीसरे स्थान पर पहुंची

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का सीजन में अच्दा प्रदर्शन जारी है। उन्होंने सीजन के 9 मैचों में छठी जीत के साथ ही अंक तालिका में तीसरा स्थान हासिल कर लिया है। आरसीबी ने अब तक गुजरात टाइटंस, दिल्ली कैपिटल्स और पंजाब किंग्स से ही तीन मुकाबले गंवाए हैं। इसके बाद उनके नाम पर छह मुकाबले रहे हैं। अंक तालिका में अभी भी 8 मैचों में 6 जीत के साथ गुजरात टाइटंस पहले नंबर पर बनी हुई है। वहीं, दिल्ली कैपिटल्स की टीम 8 मैचों में 6 जीत के साथ दूसरे नंबर पर बनी हुई है। उधर, संजू सैमसन की कमी राजस्थान को पूरी तरह से खल रही है। उन्होंने सीजन में अब तक चेन्नई और पंजाब को ही हराया है। बाकी 7 मैचों में उन्हें हार झेलनी पड़ी है। वह अंक तालिका में आखिरी स्थान पर आ गई है। उनका प्लेऑफ के लिए जाना बेहद मुश्किल लग रहा है। 

 

 

यह भी पढ़ें:-  IPL 2025 : पावरप्ले में सबसे ज्यादा छक्के उड़ा रही ये टीम, धुरंधरों की टीम सबसे लास्ट

 

 

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु : 205-5 (20 ओवर)

फिलिप सॉल्ट और विराट कोहली ने एक बार फिर से अच्छी शुरूआत दी। दोनों ने पहले विकेट के लिए 64 रन जोड़े। सॉल्ट ने 23 गेंदों पर 4 चौकों की मदद से 26 रन बनाए। इसके बाद विराट कोहली ने देवदत्त पडिक्कल के साथ मिलकर स्कोर 100 पार करवाया। विराट इस दौरान 33 गेंदों पर सीजन की 5वीं फिफ्टी जमाने में सफल रहे। वह पिछली 9 पारियों में 5 बार 50 प्लस स्कोर बना चुके हैं। विराट 16वें ओवर में जोफ्रा आर्चर का शिकार हुए। उन्होंने 42 गेंदों पर 8 चौके और 2 छक्कों की मदद से 70 रन बनाए। इसके बाद देवदत्त पडिक्कल ने 27 गेंदों पर 4 चौके और 3 छक्कों की मदद से 50 रन का योगदान दिया। कप्तान रजत पाटीदार जब 1 रन बनाकर आऊट हो गए तो टिम डेविड के साथ मिलकर जितेश शर्मा ने स्कोर को 205 तक पहुंचा दिया। टिम डेविड ने 23 तो जितेश ने 20 रन बनाए।

 

 

राजस्थान रॉयल्स : 194-9 (20 ओवर)

जयसवाल और वैभव ने फिर से अच्छी शुरूआत दी। वैभव ने दो छक्कों की मदद से 12 गेंदों पर 16 रन बनाए और भुवनेश्वर की गेंद पर बोल्ड हो गए। इस दौरान जयसवाल ने ताबड़तोड़ हिटिंग की और पांच ओवर में ही टीम का स्कोर 50 पार लगा दिया। छठे ओवर में वह 19 गेंदों पर 7 चौके और तीन छक्कों की मदद से 49 रन बनाकर आऊट हो गए। वह दूसरी बार इस स्कोर पर आऊट हुए हैं। नीतीश राणा ने कप्तान रियान पराग के साथ पारी को संभाला और 9 ओवर में ही स्कोर 110 पर ला खड़ा किया। रियान पराग 22 रन बनाकर क्रुणाल पांड्या की गेंद पर आऊट हुए। रियान पराग के बाद नीतीश राणा भी क्रुणाल की गेंद पर आऊट हो गए। उन्होंने 22 गेंदों पर 28 रन बनाए। शिमरोन हेटमायर फिर से फ्लॉप रहे। वह 11 रन ही बना पाए। इस दौरान ध्रूव ज्यूरेल ने एक छोर संभाला और कुछ अच्छे शॉट लगाए। 
ध्रुव से पूरी उम्मीद थी लेकिन वह 19वें ओवर में हेजलवुड का शिकार हो गए। उन्होंने 34 गेंदों पर तीन चौके और तीन छक्कों की मदद से 47 रन बनाए। हेजलवुड ने अगली ही गेंद पर जोफ्रा आर्चर को 0 पर आऊट कर राजस्थान को बड़ा झटका दे दिया। राजस्थान को आखिरी ओवर में 17 रन चाहिए थे लेकिन 20वें ओवर की पहली ही गेंद पर शिवम दुबे आऊट हो गए। इससे राजस्थान की बची उम्मीदें खत्म हो गई।

 

 

दोनों टीमों की प्लेइंग 11

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु : फिलिप साल्ट, विराट कोहली, रजत पाटीदार (कप्तान), देवदत्त पडिक्कल, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), टिम डेविड, क्रुणाल पंड्या, रोमारियो शेफर्ड, भुवनेश्वर कुमार, जोश हेज़लवुड, यश दयाल

राजस्थान रॉयल्स : यशस्वी जयसवाल, शुभम दुबे, नितीश राणा, रियान पराग (कप्तान), ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), शिम्रोन हेटमायर, वानिंदु हसरंगा, जोफ्रा आर्चर, फजलहक फारूकी, तुषार देशपांडे, संदीप शर्मा


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Jasmeet

Related News