IPL 2026 Auction: कैमरन ग्रीन की पहली प्रतिक्रिया आई सामने, KKR फैंस के लिए खास संदेश, video
punjabkesari.in Wednesday, Dec 17, 2025 - 02:51 PM (IST)
स्पोर्ट्स डेस्क: अबू धाबी के एतिहाद एरीना में हुए IPL 2026 ऑक्शन में ऑस्ट्रेलिया के स्टार ऑलराउंडर कैमरन ग्रीन ने इतिहास रच दिया। कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने ग्रीन को रिकॉर्ड 25.20 करोड़ रुपये में खरीदकर IPL ऑक्शन की सबसे महंगी डील में शामिल कर लिया। इस पर ग्रीन की पहली प्रतिक्रिया आई जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गई।
मिचेल स्टार्क का रिकॉर्ड टूटा
इस बोली के साथ ही कैमरन ग्रीन ने अपने ही हमवतन मिचेल स्टार्क का रिकॉर्ड तोड़ दिया, जिन्हें IPL 2024 ऑक्शन में KKR ने 24.75 करोड़ रुपये में खरीदा था। ग्रीन का बेस प्राइस 2 करोड़ रुपये था, लेकिन उनके नाम पर आते ही KKR और राजस्थान रॉयल्स के बीच जबरदस्त बोली शुरू हो गई। 13 करोड़ तक पहुंचने के बाद राजस्थान पीछे हट गई, जिसके बाद चेन्नई सुपर किंग्स भी रेस में कूद पड़ी। अंततः सबसे बड़ी रकम के साथ KKR ने बाज़ी मार ली।
दिलचस्प बात यह रही कि ऑक्शन रजिस्ट्रेशन के दौरान उनके मैनेजर की गलती से कैमरन ग्रीन को बल्लेबाज के तौर पर दर्ज किया गया था। हालांकि बाद में ग्रीन ने साफ किया कि वह IPL 2026 में गेंदबाजी के लिए भी पूरी तरह उपलब्ध रहेंगे।
वायरल हुआ कैमरन ग्रीन का रिएक्शन
KKR से जुड़ने के बाद ग्रीन ने एक वीडियो संदेश में कहा, 'मैं इस साल IPL में कोलकाता का हिस्सा बनने को लेकर बेहद उत्साहित हूं। ईडन गार्डन्स के माहौल का अनुभव करने का इंतजार है और उम्मीद है कि यह हमारे लिए शानदार सीजन होगा।'
कैमरन ग्रीन ने IPL में अपना डेब्यू 2023 में मुंबई इंडियंस के लिए किया था, जहां उन्हें 17.5 करोड़ रुपये में खरीदा गया था। उस समय वह IPL इतिहास के सबसे महंगे विदेशी खिलाड़ियों में शामिल हो गए थे और सबसे महंगे ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी बने थे। अब KKR के साथ उनकी यह नई पारी IPL 2026 की सबसे बड़ी चर्चा बन चुकी है।

