IPL 2026 : CSK के कप्तान रुतुराज गायकवाड़ ने ओपनिंग जोड़ी का किया खुलासा, इस खिलाड़ी के साथ उतरेंगे
punjabkesari.in Thursday, Mar 26, 2026 - 12:49 PM (IST)
मुंबई (महाराष्ट्र) : चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान रुतुराज गायकवाड़ ने पुष्टि की है कि वह 28 मार्च से शुरू होने वाले आगामी इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) सीजन में स्टार विकेटकीपर-बल्लेबाज संजू सैमसन के साथ ओपनिंग करेंगे। बुधवार को मुंबई में BCCI के साथ सभी कप्तानों की बैठक में शामिल होने के बाद गायकवाड़ 'कैप्टन्स डे' कार्यक्रम में मौजूद थे। CSK की ओपनिंग जोड़ी के बारे में पूछे गए एक सवाल के जवाब में रुतुराज ने कहा, 'रुतु और संजू' और इस तरह IPL 2026 के लिए नई बल्लेबाजी जोड़ी का खुलासा किया।
सैमसन राजस्थान रॉयल्स से ट्रेड होने के बाद पहली बार CSK का प्रतिनिधित्व करेंगे; राजस्थान रॉयल्स के लिए उन्होंने 11 सीजन खेले थे। हाल ही में समाप्त हुए आईसीसी टी20 विश्व कप 2026 में सैमसन को 'प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट' भी चुना गया था, जहां भारत ने फाइनल में न्यूजीलैंड को हराकर ट्रॉफी अपने पास बरकरार रखी थी।
31 वर्षीय सैमसन शानदार फॉर्म में हैं, उन्होंने 5 पारियों में 80 से ज्यादा की औसत और लगभग 200 के स्ट्राइक रेट से 321 रन बनाए हैं। अब तक 177 IPL मैचों में उन्होंने तीन शतकों और 26 अर्धशतकों की मदद से कुल 4704 रन बनाए हैं। रुतुराज गायकवाड़ की कप्तानी वाली टीम पिछले सीजन में अपने अभियान की कमजोर शुरुआत के कारण पॉइंट्स टेबल में सबसे नीचे रही थी। लेकिन, मिनी-ऑक्शन में उन्होंने एक मजबूत टीम बनाई है और इस साल रिकॉर्ड छठी बार खिताब जीतने की उम्मीद कर रहे हैं। CSK अपने सीजन की शुरुआत 30 मार्च को गुवाहाटी में पहले सीजन की चैंपियन टीम राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ करेगी।
आईपीएल 2026 के लिए चेन्नई सुपर किंग्स की पूरी टीम :
अंशुल कंबोज, गुरजापनीत सिंह, जेमी ओवरटन, एमएस धोनी, मुकेश चौधरी, स्पेंसर जॉनसन, नूर अहमद, रामकृष्ण घोष, संजू सैमसन, रुतुराज गायकवाड़, शिवम दुबे, श्रेयस गोपाल, सैयद खलील अहमद, आयुष म्हात्रे, डेवाल्ड ब्रेविस, उर्विल पटेल, सरफराज खान (75 लाख रुपए), कार्तिक शर्मा (14.20 करोड़ रुपए), प्रशांत वीर (14.20 करोड़ रुपए), मैथ्यू शॉर्ट (1.50 करोड़ रुपए), अमन खान (40 लाख रुपए), जैक फॉल्क्स (75 लाख रुपए), अकील होसेन (2 करोड़ रुपए), राहुल चाहर (5.2 करोड़ रुपये), मैट हेनरी (2 करोड़ रुपए)।

