IPL Auction : ये हैं IPL इतिहास के सबसे महंगे बिकने वाले विदेशी खिलाड़ी
punjabkesari.in Tuesday, Dec 16, 2025 - 04:16 PM (IST)
स्पोर्ट्स डैस्क : अबु धाबी में आयोजित आईपीएल 2026 के मिनी ऑक्शन में कई खिलाड़ियों की किस्मत का फैसला हुआ। इस नीलामी में कुल 359 खिलाड़ियों पर बोली लगनी है, लेकिन पहले ही सेट में ऑस्ट्रेलिया के स्टार ऑलराउंडर कैमरून ग्रीन ने इतिहास रच दिया।
कैमरून ग्रीन बने सबसे महंगे विदेशी खिलाड़ी
नीलामी में जैसे ही कैमरून ग्रीन का नाम आया, कई फ्रेंचाइजियों ने उनमें दिलचस्पी दिखाई। कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) और चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के बीच ग्रीन को लेकर जबरदस्त बिडिंग वॉर देखने को मिला। बोली लगातार बढ़ती चली गई और आखिरकार कोलकाता नाइट राइडर्स ने 25 करोड़ 20 लाख रुपये की भारी रकम खर्च कर ग्रीन को अपने खेमे में शामिल कर लिया। इसके साथ ही कैमरून ग्रीन IPL इतिहास के सबसे महंगे विदेशी खिलाड़ी बन गए।
IPL इतिहास में सबसे महंगे विदेशी खिलाड़ी
कैमरून ग्रीन - ₹25.20 करोड़ - KKR - 2026
मिचेल स्टार्क - ₹24.75 करोड़ - KKR - 2024
पैट कमिंस - ₹20.50 करोड़ - सनराइजर्स हैदराबाद - 2024
सैम कुरेन - ₹18.50 करोड़ - पंजाब किंग्स - 2023
क्रिस मॉरिस - ₹16.25 करोड़ - राजस्थान रॉयल्स - 2021
बेन स्टोक्स - ₹16.25 करोड़ - CSK - 2023
IPL में कैमरून ग्रीन का प्रदर्शन
कैमरून ग्रीन ने आईपीएल में अब तक 29 मैच खेले हैं। इस दौरान उन्होंने 153.70 की स्ट्राइक रेट और 41.59 के शानदार औसत से 707 रन बनाए हैं। उनके नाम आईपीएल में 1 शतक और 2 अर्धशतक दर्ज हैं। बल्ले के साथ-साथ गेंद से भी योगदान देने की क्षमता के चलते ग्रीन को आईपीएल के सबसे कीमती खिलाड़ियों में गिना जाता है। आईपीएल 2026 में अब सभी की नजरें इस बात पर टिकी होंगी कि रिकॉर्ड कीमत पर खरीदे गए कैमरून ग्रीन कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए मैदान पर कितना बड़ा असर डाल पाते हैं।
IPL ऑक्शन: रोमांच और प्रतिस्पर्धा का मेगा फेस्ट
हर साल होने वाला IPL ऑक्शन खिलाड़ियों और टीमों के लिए रोमांचक होता है। विदेशी खिलाड़ियों की बड़ी बोली सिर्फ उनके टैलेंट के लिए नहीं, बल्कि उनकी टीम में संतुलन और फैन फॉलोइंग बढ़ाने के लिए भी होती है। भविष्य में और बड़े रिकॉर्ड देखने को मिल सकते हैं।

