MI vs SRH: सनराइजर्स हैदराबाद की जीत का हीरो बना ये गेंदबाज, पर्पल कैप पर भी कब्जा
punjabkesari.in Thursday, Apr 30, 2026 - 11:19 AM (IST)
स्पोर्ट्स डेस्क: IPL 2026 में जहां बल्लेबाजों का दबदबा देखने को मिल रहा है, वहीं कुछ गेंदबाज अपने प्रदर्शन से अलग पहचान बना रहे हैं। मुंबई इंडियंस के खिलाफ 244 रन के बड़े लक्ष्य वाले मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के ईशान मलिंगा ने शानदार गेंदबाजी कर सबका ध्यान खींचा। उन्होंने अपने 4 ओवर में सिर्फ 29 रन देकर सूर्यकुमार यादव का अहम विकेट लिया और टीम की जीत में बड़ी भूमिका निभाई।
कमिंस ने मलिंगा को दिया जीत का श्रेय
SRH के कप्तान पैट कमिंस ने मैच के बाद मलिंगा की जमकर तारीफ की और उन्हें टीम की हालिया जीतों का बड़ा कारण बताया।कमिंस ने कहा कि हाई-स्कोरिंग मैचों में गेंदबाजों के लिए ज्यादा मौके नहीं होते, लेकिन एक अच्छी यॉर्कर भी मैच का रुख बदल सकती है। उन्होंने कहा, 'ईशान मलिंगा जैसे गेंदबाज हमारी जीत की बड़ी वजह हैं। उनके पास पर्पल कैप है और वे हर मैच में बड़ा असर डाल रहे हैं।'
अभिषेक शर्मा ने भी गेंदबाजों को सराहा
ऑरेंज कैप होल्डर अभिषेक शर्मा ने भी गेंदबाजी यूनिट की तारीफ की। उन्होंने माना कि बल्लेबाजों के मुकाबले गेंदबाजों के लिए यह सीजन काफी चुनौतीपूर्ण है। अभिषेक ने कहा, 'गेंदबाजों ने पिछले कुछ मैचों में शानदार प्रदर्शन किया है। मलिंगा, कमिंस और बाकी गेंदबाज प्लान के मुताबिक गेंदबाजी कर रहे हैं, यही हमारी जीत की असली वजह है।'
मलिंगा के नाम पर्पल कैप, शानदार आंकड़े
ईशान मलिंगा इस समय पर्पल कैप होल्डर हैं। उन्होंने 9 मैचों में 15 विकेट हासिल किए हैं। उनका औसत 18.93 और इकॉनमी रेट 9.16 का है, जो इस हाई-स्कोरिंग सीजन में काफी प्रभावशाली माना जा रहा है।
लगातार जीत से SRH मजबूत स्थिति में
SRH ने लगातार पांचवीं जीत दर्ज कर पॉइंट्स टेबल में तीसरा स्थान हासिल कर लिया है। टीम शानदार फॉर्म में है और प्लेऑफ की ओर मजबूती से बढ़ रही है। अब उनका अगला मुकाबला 3 मई को कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के खिलाफ होगा।

