सिर्फ बाबर आजम को जिम्मेदार ठहराना गलत, असफलता पूरी टीम की : पूर्व भारतीय क्रिकेटर
punjabkesari.in Sunday, Mar 01, 2026 - 03:25 PM (IST)
स्पोर्ट्स डेस्क : टी20 वर्ल्ड कप 2026 में पाकिस्तान के सुपर-8 से बाहर होने के बाद पूर्व कप्तान बाबर आज़म आलोचनाओं के केंद्र में हैं। हालांकि, पाकिस्तान ने श्रीलंका के खिलाफ बाबर को बाहर बैठाकर 212/8 का बड़ा स्कोर खड़ा किया, लेकिन चेतेश्वर पुजारा का मानना है कि पूरी नाकामी का ठीकरा सिर्फ बाबर पर फोड़ना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि टीम मैनेजमेंट को बाबर के साथ साफ और ईमानदार बातचीत करनी चाहिए।
पुजारा ने स्टार स्पोर्ट्स पर कहा कि अगर बाबर टीम की भविष्य की योजनाओं में नहीं हैं, तो उन्हें यह स्पष्ट रूप से बता देना चाहिए। उनके अनुसार, 'सिर्फ एक खिलाड़ी को जिम्मेदार ठहराना गलत है, असफलता पूरी टीम की रही है।'
पाकिस्तान की मिडिल ऑर्डर समस्या
पुजारा ने पाकिस्तान की सबसे बड़ी कमजोरी मिडिल ऑर्डर को बताया। बाबर को इस टूर्नामेंट में मध्यक्रम की भूमिका दी गई, लेकिन वह उसमें प्रभाव छोड़ने में असफल रहे। टीम का मध्यक्रम लगातार दबाव में दिखा, जिससे पाकिस्तान को अहम मैचों में नुकसान उठाना पड़ा।
टी20 वर्ल्ड कप 2026 में बाबर के आंकड़े
बाबर ने इस टूर्नामेंट में 6 मैच खेले और 4 पारियों में 91 रन बनाए। उनका औसत 22.75 और स्ट्राइक रेट 112.34 रहा। उनकी सबसे बड़ी पारी 46 रन की रही, जो उन्होंने अमेरिका के खिलाफ खेली थी, जबकि भारत के खिलाफ वह सिंगल डिजिट में आउट हो गए थे।
फखर ज़मान की जमकर तारीफ
पुजारा ने फखर ज़मान की जमकर सराहना की, जिन्होंने 42 गेंदों पर 84 रन की तूफानी पारी खेली और साहिबज़ादा फरहान के साथ 176 रन की ओपनिंग साझेदारी की। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान की असली ताकत निडर और आक्रामक क्रिकेट में है, और यही अंदाज उन्हें आगे भी अपनाना होगा।
आगे क्या?
पाकिस्तान के लगातार आईसीसी टूर्नामेंट्स में खराब प्रदर्शन के बाद कई खिलाड़ियों पर गाज गिर सकती है। खबरें हैं कि कप्तान सलमान आगा समेत कई बड़े नामों की टीम में जगह खतरे में है।

