चंडीगढ़ के करणदीप कोचर ने बनाई दो शॉट की बढ़त

punjabkesari.in Tuesday, Nov 10, 2020 - 09:31 PM (IST)

चंडीगढ़ : चंडीगढ़ के करणदीप कोचर ने दूसरे राउंड में मंगलवार को चार अंडर 68 का शानदार कार्ड खेलकर टाटा स्टील पीजीटीआई प्लेयर्स चैंपियनशिप में दो शॉट की बढ़त बना ली। अपने घरेलू कोर्स चंडीगढ़ गोल्फ क्लब में खेल रहे 21 वर्षीय कोचर पहले राउंड में 66 के कार्ड के बाद संयुक्त दूसरे स्थान पर थे और दूसरे राउंड के बाद वह एक स्थान के सुधार के साथ एकल बढ़त पर आ गए हैं। कोचर का दो राउंड का स्कोर 10 अंडर 134 हो गया है। कोचर पिछले सप्ताह पंचकूला में उपविजेता रहे थे।

दिल्ली के अर्जुन प्रसाद (69-67) ने दिन का सर्वश्रेष्ठ पांच अंडर 67 का बेहतरीन कार्ड खेला और 10 स्थान की छलांग के साथ संयुक्त दूसरे स्थान पर पहुंच गए। अर्जुन का स्कोर आठ अंडर 136 है। मैसूरु के यशस चंद्रा (68-68) ने 68 का कार्ड खेला और वह चार स्थान के सुधार के साथ संयुक्त दूसरे स्थान पर पहुंच गए। यशस और अर्जुन दोनों ने अपना दूसरा राउंड पंचकूला गोल्फ क्लब में खेला।

चैंपियनशिप में पहले दो राउंड खिलाडिय़ों को आधे-आधे बांटकर पंचकूला और चंडीगढ़ गोल्फ में खेले गए। आखिरी दो राउंड चंडीगढ़ में ही खेले जाएंगे। दो राउंड के बाद कट दो ओवर 146 के स्कोर पर लगाया गया और 53 प्रोफेशनल कट पार करने में सफल रहे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Jasmeet

Recommended News

Related News