संजू सैमसन के बाद केरल को मिला एक और युवा स्टार, इंडिया अंडर-19 टीम में मिली जगह

punjabkesari.in Sunday, Jun 14, 2026 - 01:23 PM (IST)

तिरुवनंतपुरम (केरल) : केरल की अंडर-19 टीम के कप्तान और होनहार विकेटकीपर-बल्लेबाज मानव कृष्णा को श्रीलंका के खिलाफ होने वाली सीरीज के लिए इंडिया अंडर-19 टेस्ट टीम में चुना गया है। भारत श्रीलंका में तीन वनडे और दो चार-दिवसीय टेस्ट मैच खेलेगा। पेरूरकडा के रहने वाले मानव को घरेलू सीजन में शानदार बल्लेबाजी और विकेट के पीछे बेहतरीन प्रदर्शन के दम पर राष्ट्रीय टीम में बुलावा मिला। कृष्णा ने पिछले अंडर-19 सीजन में 592 रन बनाए और कूच बिहार ट्रॉफी में लगातार शतक जड़े, जिसमें सौराष्ट्र के खिलाफ 189 रन और हैदराबाद के खिलाफ 144 रन की पारी शामिल थी।

मानव ने दिल्ली में अपने क्रिकेट सफर की शुरुआत की और 12 साल की उम्र में केरल चले गए। वे केरल की अंडर-16 और अंडर-19 टीमों के कप्तान बने और अपनी लीडरशिप और एथलेटिक क्षमताओं के लिए पहचान बनाई। श्रीलंका सीरीज के लिए इंडिया अंडर-19 टेस्ट टीम में चुने जाने पर कृष्णा ने कहा, 'मैं दाएं हाथ का बल्लेबाज और विकेटकीपर-बल्लेबाज हूं, और अंडर-19 टीम में चुने जाने पर बहुत खुश हूं। भारत के लिए खेलना हमेशा से मेरा सपना और लक्ष्य रहा है... मैं आत्मविश्वास से भरा हूं और साथ ही घबराया हुआ और उत्साहित भी हूं। मैंने दिल्ली में अपना करियर शुरू किया, फिर 12 साल की उम्र में केरल आ गया।' 

2025 केरल क्रिकेट लीग नीलामी में शामिल सबसे युवा खिलाड़ियों में से एक मानव ने जनवरी 2026 में रणजी ट्रॉफी में गोवा के खिलाफ केरल के लिए अपना फर्स्ट-क्लास डेब्यू किया। वे ओमान का दौरा करने वाली केरल टीम का भी हिस्सा थे। NSK ट्रॉफी में 'प्रॉमिसिंग यंगस्टर' (होनहार युवा खिलाड़ी) का अवॉर्ड जीतने वाले इस युवा खिलाड़ी ने BCCI सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (COE) में खास ट्रेनिंग ली है। उनके छोटे भाई, माधव कृष्णा भी केरल की अंडर-19 टीम का हिस्सा हैं।

मानव, उन्नीकृष्णन और अनीता के बेटे हैं। वह तिरुवनंतपुरम में अपने कोच SS शाइन की देखरेख में ट्रेनिंग करते हैं। एज-ग्रुप क्रिकेट से नेशनल टीम तक उनका पहुंचना केरल क्रिकेट के लिए एक और बड़ी उपलब्धि है और इससे राज्य से उभरने वाले युवा टैलेंट की लिस्ट और लंबी हो गई है। उनके कोच SS शाइन ने कहा, 'वह बहुत मेहनती खिलाड़ी हैं। वह हर तरह के फॉर्मेट में खुद को ढाल सकते हैं। जब वह अंडर-16 टीम के लिए खेल रहे थे, तो पहले साल मैं उनका कोच था। उस समय उन्होंने लगभग 2 शतक लगाए थे। उसके बाद वह सीधे अंडर-19 टीम में गए और लगभग 600 रन बनाए। इसके बाद उनका सिलेक्शन NCA (नेशनल क्रिकेट एकेडमी) में हुआ। उनकी विकेटकीपिंग की बात करें तो वह बहुत तेज विकेटकीपर हैं। वह स्वभाव से भी बहुत शांत हैं और मैदान पर आक्रामक व्यवहार नहीं दिखाते हैं।' 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Sanjeev

Related News