MLC 2026: कीरोन पोलार्ड का मैदान पर हाई-वोल्टेज ड्रामा, भारतीय मूल के खिलाड़ी से हुई तीखी बहस; Video
punjabkesari.in Monday, Jun 22, 2026 - 02:51 PM (IST)
स्पोर्ट्स डेस्क: मेजर लीग क्रिकेट (MLC) 2026 में एमआई न्यूयॉर्क और टेक्सास सुपर किंग्स के मुकाबले के दौरान वेस्टइंडीज के दिग्गज ऑलराउंडर कीरोन पोलार्ड एक बार फिर अपने आक्रामक रवैये को लेकर चर्चा में आ गए। इस बार उनकी भिड़ंत अमेरिका के लिए खेलने वाले भारतीय मूल के बल्लेबाज शुभम रंजने से हुई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
रन लेते समय हुई टक्कर, बढ़ा तनाव
यह घटना टेक्सास सुपर किंग्स की पारी के 12वें ओवर में हुई। रन लेते समय शुभम रंजने और पोलार्ड के बीच टक्कर हो गई। कमेंटेटर डैनी मॉरिसन का मानना था कि पोलार्ड आसानी से रास्ते से हट सकते थे, क्योंकि उन्होंने रंजने को अपनी ओर आते हुए देख लिया था। इसके बाद दोनों खिलाड़ियों के बीच माहौल और गर्म हो गया।
Big drama in the MLC! 😁
— Rehan 56 (@imrehan456) June 22, 2026
Kieron Pollard and Ranjane went face to face, and Pollard was in no mood to back down.🫢 pic.twitter.com/L5Z09rsz30
पोलार्ड और रंजने के बीच तीखी नोकझोंक
अगली ही गेंद पर पोलार्ड ने गेंद फेंकने से पहले अपना रन-अप रोक दिया और ऐसा इशारा किया जैसे वह गेंद सीधे बल्लेबाज की ओर फेंकने वाले हों। इसके बाद उन्होंने शुभम को घूरकर देखा। जवाब में रंजने भी पीछे नहीं हटे और पोलार्ड के गेंद डालने से ठीक पहले अपनी बल्लेबाजी की मुद्रा से हट गए। दोनों खिलाड़ियों के बीच हुई यह नोकझोंक पूरे मुकाबले का सबसे चर्चित पल बन गई।
शुभम की शानदार पारी, टेक्सास 158 रन पर सिमटी
मैच की बात करें तो शुभम रंजने ने 36 गेंदों में 49 रन की शानदार पारी खेली, लेकिन अर्धशतक से एक रन पहले आउट हो गए। टेक्सास सुपर किंग्स की टीम 19.2 ओवर में 158 रन पर सिमट गई। ट्रेंट बोल्ट ने तीन विकेट लिए, जबकि कॉर्बिन बॉश ने चार विकेट झटककर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई।
एमआई न्यूयॉर्क ने दर्ज की पहली जीत
159 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए एमआई न्यूयॉर्क ने 17.4 ओवर में दो विकेट खोकर मुकाबला आठ विकेट से जीत लिया। कप्तान निकोलस पूरन ने 46 गेंदों में 68 रन की नाबाद पारी खेली, जबकि मोनांक पटेल ने 46 रन बनाए। पोलार्ड बल्ले से सिर्फ सात रन ही बना सके। इस जीत के साथ एमआई न्यूयॉर्क ने टूर्नामेंट में अपनी पहली जीत दर्ज की और अंक तालिका में चौथे स्थान पर पहुंच गई। वहीं, पुणे में जन्मे 32 वर्षीय शुभम रंजने अमेरिका के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेल रहे हैं और इससे पहले राजस्थान रॉयल्स का भी हिस्सा रह चुके हैं।

