All England Open : लक्ष्य सेन ने चीन के स्टार ली शिफेंग को हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई

punjabkesari.in Saturday, Mar 07, 2026 - 12:08 PM (IST)

स्पोर्ट्स डेस्क : भारत के स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी लक्ष्य सेन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चीन के पूर्व चैंपियन ली शिफेंग को सीधे गेम में हराकर ऑल इंग्लैंड ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में जगह बना ली।

विश्व रैंकिंग में 12वें स्थान पर मौजूद लक्ष्य सेन ने दुनिया के छठे नंबर के खिलाड़ी शिफेंग को 21-13, 21-16 से हराया। यह मुकाबला लगभग एक घंटे तक चला।

सेमीफाइनल में विक्टर लाई से होगी भिड़ंत

सेमीफाइनल में लक्ष्य सेन का सामना कनाडा के विक्टर लाई से होगा। विक्टर लाई ने क्वार्टरफाइनल में जापान के कोकी वातानाबे को 18-21, 21-17, 21-15 से हराकर अंतिम चार में जगह बनाई।

ऑल इंग्लैंड में तीसरी बार सेमीफाइनल

यह प्रतिष्ठित ऑल इंग्लैंड चैंपियनशिप में लक्ष्य सेन का तीसरा सेमीफाइनल है। इससे पहले वह 2022 में इस टूर्नामेंट के उपविजेता भी रह चुके हैं।

जीत के बाद क्या बोले लक्ष्य सेन

मैच के बाद लक्ष्य सेन ने अपने प्रदर्शन पर संतोष जताया। उन्होंने कहा, 'मैं दोनों गेम में अपने प्रदर्शन से खुश हूं। शिफेंग को भी श्रेय जाता है, उन्होंने शानदार खेल दिखाया। कुछ लंबी रैलियां चलीं और हम दोनों थक रहे थे, लेकिन मैंने अंत तक मजबूती से खेला।' उन्होंने यह भी बताया कि उनके कोच ने उन्हें लंबी रैलियों के लिए मानसिक और शारीरिक रूप से तैयार रहने की सलाह दी थी।

पहले गेम में दिखाया आक्रामक खेल

लक्ष्य सेन ने मैच की शुरुआत शानदार तरीके से की और जल्दी ही 4-1 की बढ़त बना ली। आक्रामक खेल के दम पर उन्होंने स्कोर 10-4 तक पहुंचा दिया और इंटरवल तक 11-6 से आगे रहे।

हालांकि बीच में शिफेंग ने कुछ अच्छे स्मैश लगाए और स्कोर 15-13 तक पहुंचाया, लेकिन लक्ष्य ने फिर लय पकड़ते हुए 24 मिनट में पहला गेम 21-13 से जीत लिया।

दूसरे गेम में कड़ा मुकाबला

दूसरे गेम में दोनों खिलाड़ियों के बीच जबरदस्त टक्कर देखने को मिली और स्कोर 6-6 से बराबरी पर रहा। शिफेंग ने शानदार स्मैश के साथ स्कोर 9-9 कर दिया।

इंटरवल तक लक्ष्य एक अंक की बढ़त के साथ आगे थे। इसके बाद उन्होंने शानदार डिफेंस और आक्रामक शॉट्स की मदद से बढ़त 17-13 कर ली।

लंबी रैली के बाद भी नहीं डगमगाए लक्ष्य

मैच के अंतिम चरण में शिफेंग ने 45 शॉट की लंबी रैली जीतकर वापसी की कोशिश की, लेकिन लक्ष्य सेन ने संयम बनाए रखा और जल्द ही मैच प्वाइंट हासिल कर लिया। अंत में शिफेंग का शॉट बाहर जाने से लक्ष्य सेन ने मुकाबला अपने नाम कर लिया और सेमीफाइनल में जगह पक्की कर ली।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Ishtpreet Singh

Related News