आर्चर-बुमराह की जोड़ी पर बोले जहीर खान, दुनिया के सबसे घातक गेंदबाजों को देखने के लिए उत्सुक हूं

punjabkesari.in Monday, Feb 14, 2022 - 03:14 PM (IST)

बेंगलुरु : मुंबई इंडियंस की निगाहें पहले से ही जोफ्रा आर्चर पर थी लेकिन फ्रेंचाइजी मालिक आकाश अंबानी के अनुसार शनिवार रात को ही उन्होंने अंतिम रूप से निश्चित किया कि वह आर्चर के पीछे जाएंगे। मुंबई रविवार को आर्चर को 8 करोड़ रूपए में खरीदने में सफल रही उनका आधार मूल्य दो करोड़ रूपए था। हालांकि कोहनी की चोट से उबर रहे आर्चर आईपीएल 2022 के लिए उपलब्ध नहीं रहेंगे। 

मुंबई इंडियंस के क्रिकेट निदेशक जहीर खान ने कहा कि आप लोगों की तरह मैं भी बुमराह और आर्चर की जोड़ी को मैदान में देखने के लिए उत्सुक हूं। मैं बहुत ख़ुश हूं कि हमने वर्तमान समय के दो सबसे घातक तेज गेंदबाजों को साथ लाया और अब उन्हें एक साथ देखना संभव होगा। हालांकि इसके लिए थोड़ा सा इंतजार भी करना होगा, लेकिन इतना इंतज़ार जायज है। 

PunjabKesari

आर्चर के बाद मुंबई ने सिंगापुर में पैदा हुए ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज टिम डेविड को 8.25 करोड़ रूपए में ख़रीदा, जो कि किसी विदेशी खिलाड़ी के लिए उनकी सर्वाधिक बोली थी। डेविड का आधार मूल्य सिर्फ 40 लाख था। आकाश ने कहा कि टिम को हम पिछले तीन साल से ट्रैक कर रहे थे। वह दुनिया के सर्वश्रेष्ठ फिनिशर में से एक हैं। अब जबकि हार्दिक पांड्या हमारी टीम में नहीं हैं, हमें एक फिनिशर की ज़रूरत थी। हमें यह भी पता था कि यह स्लॉट किसी विदेशी खिलाड़ी को ही जाने वाला है, क्योंकि भारत में हार्दिक जैसा फ़िनिशर मिलना संभव नहीं है।

डेविड इंग्लैंड में हुए ‘द हंड्रेड' टूर्नामेंट के सदर्न ब्रेव टीम का भी हिस्सा थे, जिसे मुंबई इंडियंस के कोच माहेला जयवर्धने ने कोच किया था। उन्होंने कहा कि वह गेंद के बहुत बड़े हिटर हैं। हमें पता था कि हमारे पास पैसा है और हम उन्हें टारगेट कर सकते हैं। बुमराह-आर्चर की तरह पोलार्ड-डेविड की जोड़ी को भी देखना कमाल होगा। मुंबई ने डेविड के अलावा सदर्न ब्रेव के उनके साथी और इंग्लिश तेज़ गेंदबाज़ टाइमल मिल्स को 1.5 करोड़ रूपए में खरीदा। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Raj chaurasiya

Recommended News

Related News