IND vs ENG: ''इतना कन्फ्यूज मैनेजमेंट कभी नहीं देखा'', मोहम्मद कैफ ने टीम चयन पर उठाए बड़े सवाल
punjabkesari.in Sunday, Jul 12, 2026 - 05:33 PM (IST)
स्पोर्ट्स डेस्क: इंग्लैंड के खिलाफ 0-4 से टी20 सीरीज गंवाने के बाद भारतीय टीम के चयन और रणनीति पर सवाल उठने लगे हैं। पूर्व भारतीय बल्लेबाज मोहम्मद कैफ ने टीम मैनेजमेंट की कड़ी आलोचना करते हुए कहा कि उन्होंने अपने क्रिकेट करियर में भारतीय टीम का इतना भ्रमित (Confused) मैनेजमेंट कभी नहीं देखा। कैफ ने खास तौर पर वैभव सूर्यवंशी और संजू सैमसन के साथ हुए व्यवहार पर नाराजगी जताई।
'वैभव और संजू को आत्मविश्वास चाहिए, असमंजस नहीं'
मोहम्मद कैफ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा कि टीम मैनेजमेंट ने वैभव सूर्यवंशी और संजू सैमसन को जिस तरह हैंडल किया, वह बिल्कुल भी पेशेवर नहीं था। उन्होंने लिखा, 'मैंने भारतीय क्रिकेट टीम का इससे ज्यादा भ्रमित मैनेजमेंट कभी नहीं देखा। वैभव सूर्यवंशी और संजू सैमसन के साथ जिस तरह व्यवहार किया गया, वह बिल्कुल भी प्रोफेशनल नहीं है। एक खिलाड़ी भविष्य का सुपरस्टार है, जबकि दूसरा टी20 वर्ल्ड कप विजेता टीम का अहम सदस्य रहा है। ऐसे खिलाड़ियों को आत्मविश्वास देना चाहिए, उनके मन में संदेह नहीं पैदा करना चाहिए।'
संजू बाहर, वैभव अंदर... फिर आखिरी मैच में उलट गया फैसला
संजू सैमसन ने इंग्लैंड के खिलाफ शुरुआती तीन टी20 मैच खेले, लेकिन लगातार कम स्कोर बनाने के बाद उन्हें बाहर कर दिया गया और उनकी जगह 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी को मौका मिला। हालांकि वैभव भी तीन पारियों में 20 रन का आंकड़ा नहीं छू सके। इसके बाद साउथैम्प्टन में खेले गए पांचवें और आखिरी टी20 मुकाबले में टीम मैनेजमेंट ने फिर बदलाव करते हुए वैभव को बाहर कर संजू सैमसन को वापस प्लेइंग-11 में शामिल कर लिया। कप्तान श्रेयस अय्यर ने बाद में बताया कि टीम में बाएं हाथ के बल्लेबाज ज्यादा होने के कारण दाएं हाथ के बल्लेबाज की जरूरत थी, इसलिए संजू को खिलाया गया।
जिम्बाब्वे सीरीज के लिए भी चयन पर उठे सवाल
टीम चयन को लेकर भ्रम यहीं खत्म नहीं हुआ। इंग्लैंड सीरीज के बाद जिम्बाब्वे दौरे के लिए घोषित टी20 टीम में वैभव सूर्यवंशी को बरकरार रखा गया, जबकि संजू सैमसन को बाहर कर दिया गया। इस फैसले ने भी क्रिकेट विशेषज्ञों और प्रशंसकों के बीच बहस छेड़ दी है।
संजय मांजरेकर ने IPL मॉडल पर उठाए सवाल
पूर्व भारतीय बल्लेबाज संजय मांजरेकर ने भी चयन प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए कहा कि चयनकर्ताओं को सिर्फ आईपीएल के प्रदर्शन के आधार पर खिलाड़ियों का आकलन नहीं करना चाहिए।
उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा, 'हार का ठीकरा सिर्फ खिलाड़ियों पर फोड़ना आसान है। असली जिम्मेदारी उन लोगों की है जिन्होंने आईपीएल को ऐसा बना दिया है कि बल्लेबाजों की वास्तविक क्षमता छिप जाती है। चयनकर्ताओं को आईपीएल की चमक से आगे बढ़कर उन खिलाड़ियों को चुनना होगा जो विदेशी परिस्थितियों में भी सफल हो सकें। अब आगे भारत को ज्यादातर टी20 मुकाबले विदेश में खेलने हैं, इसलिए घरेलू रन बरसाने वाली क्रिकेट से बाहर निकलना होगा।'
भारत ने हालिया दौरे पर पहले आयरलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज 0-2 से गंवाई और उसके बाद इंग्लैंड के खिलाफ 0-4 से हार का सामना किया। इस खराब प्रदर्शन के चलते टीम इंडिया आईसीसी टी20 रैंकिंग में नंबर-1 की कुर्सी भी गंवा चुकी है।

