PSL शेड्यूल पर भड़के मुल्तान के कप्तान, बोले- ''कंबल-तकिया लेकर यहीं सो जाऊं''

punjabkesari.in Wednesday, Apr 08, 2026 - 05:49 PM (IST)

स्पोर्ट्स डेस्क: पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) के शेड्यूल को लेकर मुल्तान सुल्तांस के कप्तान Ashton Turner ने मजाकिया अंदाज में नाराजगी जताई है। लगातार दो दिन मैच खेलने के कारण उन्होंने लीग के शेड्यूल पर सवाल उठाए। टर्नर ने पोस्ट मैच प्रेजेंटेशन में कहा, 'शायद मैं कंबल और तकिया ढूंढकर यहीं सो जाऊं, क्योंकि अगले मैच के लिए बहुत कम समय बचा है।'

लगातार दो दिन खेलने पड़े मैच

PSL में कुल 8 टीमें हिस्सा ले रही हैं, इसके बावजूद मुल्तान सुल्तांस को बैक-टू-बैक मैच खेलने पड़े। 5 अप्रैल को टीम ने क्वेटा ग्लेडिएटर्स का सामना किया, वहीं अगले ही दिन रावलपिंडीज के खिलाफ उतरना पड़ा। दोनों मुकाबले लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में खेले गए।

शानदार फॉर्म में मुल्तान सुल्तांस

शेड्यूल की चुनौती के बावजूद मुल्तान सुल्तांस का प्रदर्शन शानदार रहा है। टीम ने 5 मैचों में से 4 में जीत दर्ज कर पॉइंट्स टेबल में टॉप स्थान हासिल किया हुआ है। टर्नर की कप्तानी में टीम ने इस्लामाबाद यूनाइटेड, हैदराबाद किंग्समेन, क्वेटा ग्लेडिएटर्स और रावलपिंडीज को हराया है।

दोनों मैचों में दमदार जीत

क्वेटा ग्लेडिएटर्स के खिलाफ मुकाबले में विरोधी टीम ने 166 रन बनाए थे। जवाब में मुल्तान ने 18वें ओवर में 4 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। वहीं रावलपिंडीज के खिलाफ 182 रन के लक्ष्य को टीम ने 17वें ओवर में ही हासिल कर लिया, जिसमें बल्लेबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया।

बल्लेबाजों ने निभाई अहम भूमिका

रावलपिंडीज के खिलाफ मुकाबले में सैम बिलिंग्स ने 56 रन बनाए, लेकिन मुल्तान के बल्लेबाजों ने शानदार जवाब दिया।साहिबजादा फरहान और जोश फिलिपे ने अर्धशतक लगाए, जबकि कप्तान टर्नर ने 10 गेंदों में नाबाद 26 रन बनाकर टीम को जीत दिलाई।

एकमात्र हार भी बारिश के कारण

मुल्तान सुल्तांस को इस सीजन में सिर्फ एक हार का सामना करना पड़ा है, जो बारिश से प्रभावित मैच में लाहौर कलंदर्स के खिलाफ आई थी। इसके अलावा टीम ने हर मैच में शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी मजबूत स्थिति बनाई है।

शेड्यूल पर सवाल, प्रदर्शन बरकरार

हालांकि कप्तान ने शेड्यूल को लेकर नाराजगी जताई है, लेकिन टीम का प्रदर्शन लगातार मजबूत बना हुआ है। लगातार मैच खेलने के बावजूद खिलाड़ियों ने फिटनेस और फॉर्म दोनों में संतुलन बनाए रखा है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Ishtpreet Singh

Related News