खिताब का बचाव नहीं कर पाए नीरज चोपड़ा, विश्व चैम्पियनशिप में 8वें स्थान पर रहे
punjabkesari.in Thursday, Sep 18, 2025 - 05:44 PM (IST)

टोक्यो : गत चैंपियन नीरज चोपड़ा विश्व चैंपियनशिप के पुरुष भाला फेंक फाइनल में निराशाजनक प्रदर्शन के साथ आठवें स्थान पर रहे। पदार्पण कर रहे उनके हमवतन सचिन यादव ने गुरुवार को अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए चौथा स्थान हासिल किया। कोई भी एथलीट 90 मीटर से आगे नहीं बढ़ पाया, चोपड़ा पांचवें और अंतिम दौर के बाद 84.03 मीटर के सर्वश्रेष्ठ प्रयास के साथ बाहर हो गए जिससे वह कुल मिलाकर आठवें स्थान पर रहे।
27 वर्षीय खिलाड़ी ने उसी स्थान पर प्रतियोगिता से बाहर होने के लिए पांचवें प्रयास में फाउल किया, जहां उन्होंने 2021 में इतिहास रचने वाला ओलंपिक स्वर्ण पदक जीता था। छठे और अंतिम दौर में केवल शीर्ष छह एथलीट ही प्रतिस्पर्धा करते हैं और आश्चर्यजनक रूप से यादव ही भारत के प्रतिनिधि बने। 86.27 मीटर का उनका सर्वश्रेष्ठ थ्रो, जो पहले ही प्रयास में आया, उनका व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन था और उन्होंने न केवल चोपड़ा को बल्कि जर्मन स्टार जूलियन वेबर (86.11 मीटर) और ओलंपिक चैंपियन अरशद नदीम (82.75 मीटर) को भी पीछे छोड़ दिया।
स्वर्ण पदक त्रिनिदाद और टोबैगो के केशोर्न वालकॉट (88.16 मीटर) ने जीता, उसके बाद ग्रेनेडा के एंडरसन पीटर्स (87.38 मीटर) और कर्टिस थॉम्पसन (86.67 मीटर) का स्थान रहा। पिछले संस्करण में रजत पदक विजेता नदीम चौथे दौर में बाहर होने वाले पहले थ्रोअर्स में शामिल थे। दो बार के ओलंपिक पदक विजेता चोपड़ा ने 83.65 मीटर से शुरुआत की जिससे वह पांचवें स्थान पर रहे और 84.03 मीटर के साथ इसमें सुधार किया लेकिन तीसरे थ्रो में फाउल कर बैठे।
नीरज दूसरे दौर के बाद आठवें स्थान पर खिसक गए और आधे चरण तक वहीं रहे। उनका चौथा थ्रो 82.86 मीटर का था, जिसका मतलब था कि प्रतियोगिता में बने रहने के लिए उन्हें अपने पांचवें थ्रो में 85.54 मीटर और केन्या के जूलियस येगो से बेहतर थ्रो करना था। लेकिन चोपड़ा ने अपने पांचवें प्रयास में फाउल किया और दिन का अंत निराशाजनक रहा। भाला छोड़ने के बाद वह बगल में गिर गए और रेखा पार करके अधिकारी का लाल झंडा देखने लगे। उन्होंने अपनी कमर की बेल्ट उतारी और कुछ देर तक अपना चेहरा उसमें छिपाए रखा, फिर संभल पाए।
अपनी निरंतरता के लिए जाने जाने वाले चोपड़ा के लिए पांच प्रयासों में 85 मीटर का आंकड़ा भी पार न कर पाना समझ से परे था। गुरुवार से पहले मई 2024 में फेडरेशन कप में स्वर्ण पदक जीतते समय उनका सबसे खराब प्रदर्शन 82.27 मीटर था। उन्होंने महान जान जेलेजनी के मार्गदर्शन में मई में दोहा डायमंड लीग में 90.23 मीटर थ्रो के साथ 90 मीटर का आंकड़ा पार किया था, लेकिन उसके बाद से उनके प्रदर्शन में गिरावट देखी गई है।