जम्मू-कश्मीर ऐतिहासिक रणजी ट्रॉफी खिताब जीतने के करीब
punjabkesari.in Friday, Feb 27, 2026 - 07:21 PM (IST)
हुबली : जम्मू-कश्मीर ने पहली पारी में दबदबा बनाने बाद रणजी ट्रॉफी फाइनल की दूसरी पारी में सधी हुई बल्लेबाजी से शुक्रवार को यहां मैच के चौथे दिन कर्नाटक के खिलाफ विशाल बढ़त हासिल कर ऐतिहासिक खिताब की ओर मजबूत कदम बढ़ा दिया। जम्मू-कश्मीर के पहली पारी के 584 रनों के जवाब में कर्नाटक की टीम 293 रन पर सिमट गई।
जम्मू-कश्मीर ने पहली पारी में 291 रन की बढ़त हासिल करने के बावजूद फॉलोऑन नहीं करने का फैसला किया और दूसरी परी में चार विकेट पर 186 रन बना लिए। टीम की कुल बढ़त 477 रन हो गई है और खिताब पर उसका कब्जा लगभग पक्का हो गया है। सलामी बल्लेबाज कमरान इकबाल दिन का खेल समाप्त होने तक 94 रन बनाकर नाबाद थे जबकि साहिल लोटरा 16 रन पर नाबाद हैं।
कर्नाटक की बल्लेबाजी जम्मू-कश्मीर के गेंदबाजों के सामूहिक प्रयास के सामने फीकी साबित हुई। अनुभवी सलामी बल्लेबाज मयंक अग्रवाल के जुझारू 160 रन को छोड़कर मेजबान टीम का कोई भी बल्लेबाज उल्लेखनीय योगदान नहीं दे सका। तीसरे दिन अपनी रफ्तार से सितारों से सजी घरेलू टीम को झकझोरने वाले भारत के उभरते तेज गेंदबाज आकिब नबी ने 23 ओवर में 54 रन देकर पांच विकेट के साथ इस सत्र में अपने शानदार प्रदर्शन का सिलसिला जारी रखा। उनके प्रदर्शन ने पूरे देश का ध्यान आकर्षित किया है और राष्ट्रीय चयनकर्ताओं को भी प्रभावित किया है।

