निकहत जरीन और लवलीना ने राष्ट्रमंडल खेलों के लिए भारतीय टीम में जगह बनाई

punjabkesari.in Saturday, Jun 11, 2022 - 04:28 PM (IST)

नई दिल्ली : मौजूदा विश्व चैम्पियन निकहत जरीन (50 किग्रा) और ओलिम्पिक कांस्य पदक विजेता लवलीना बोरगोहेन (70 किग्रा) ने शनिवार को यहां चयन ट्रायल्स में दबदबे भरी जीत से राष्ट्रमंडल खेलों के लिए भारतीय टीम में अपने स्थान पक्के किए। दो बार की स्ट्रेंड्जा मेमोरियल स्वर्ण पदक विजेता निकहत ने हरियाणा की मीनाक्षी को सर्वसम्मत फैसले में 7-0 से हराया जबकि लवलीना ने इसी अंतर से रेलवे की पूजा को पराजित किया।

नीतू (48 किग्रा) और जैसमीन (60 किग्रा) ने भी राष्ट्रमंडल खेलों के लिए टीम में अपने स्थान पक्के किए। निकहत अपने मुकाबले के दौरान पूरी तरह नियंत्रण में दिखीं और उन्होंने रिंग का पूरा इस्तेमाल करते हुए दमदार मुक्के जड़े। 2 बार की पूर्व युवा विश्व चैम्पियन नीतू ने खंडित फैसले में 2019 रजत पदक विजेता मंजू रानी पर 5-2 से जीत दर्ज की।

हरियाणा की मुक्केबाज का यह साल शानदार रहा है जिसमें उन्होंने इस साल स्ट्रेंड्जा मेमोरियल में स्वर्ण पदक भी जीता। 2021 एशियाई युवा मुक्केबाजी चैम्पियनशिप की कांस्य पदक विजेता जैसमीन ने लाइट मिडिलवेट फाइनल में 2022 विश्व चैम्पियनशिप कांस्य पदक विजेता परवीन हुड्डा को पराजित किया। राष्ट्रमंडल खेल 28 जुलाई से 8 अगस्त तक बर्मिंघम में आयोजित किए जाएंगे।

टीम इस प्रकार है : नीतू (48 किग्रा), निकहत जरीन (50 किग्रा), जैसमीन (60 किग्रा), लवलीना बोरगोहेन (70 किग्रा)


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Jasmeet

Recommended News

Related News