पैसा नहीं IPL में चयन सम्मान की बात : 14.20 करोड़ में बिकने वाले इस खिलाड़ी के पिता ने दिया बयान
punjabkesari.in Wednesday, Dec 17, 2025 - 01:45 PM (IST)
अमेठी : इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के लिए 14.20 करोड़ रुपए की कीमत में चुने गए प्रशांत वीर का परिवार बेटे की सफलता से गदगद है। युवा खिलाड़ी के पिता रमनेंद्र त्रिपाठी ने कहा कि IPL में चयन होना बेटे और परिवार के लिए गर्व का विषय है। IPL के इतिहास में अमेठी के प्रशांत वीर ने कीर्तिमान स्थापित किया है। चेन्नई सुपर किंग ने प्रशांत वीर के लिए 14.20 करोड़ रुपए की बोली लगाई है। इसकी खबर सुनते ही प्रशांत के घर में खुशी का माहौल हो गया। इलाके के लोग बधाई देने उनके घर पहुंचने लगे।
पिता रमनेंद्र त्रिपाठी ने कहा, 'मेरे बेटे का चयन IPL में हुआ यह मेरे लिए बहुत बड़ी बात है। पैसा तो किसी भी हुनर मंद को मिल जाता है यह सम्मान ही मेरे लिए गर्व का विषय है। प्रशांत चेन्नई सुपर किंग्स के लिए खेलेंगे। बेटे को उम्मीद से ज्यादा कामयाबी मिली। टीम इंडिया में शामिल होना बेटे का अगला लक्ष्य है।' पिता ने बताया कि कक्षा पांच के बाद से ही उसका रुझान क्रिकेट के प्रति हो गया। वह अपने उम्र के ज्यादा बड़े लोगों के साथ भी क्रिकेट खेलने जाता था।
कक्षा आठ के बाद बेटा क्रिकेट की कोचिंग के लिए मैनपुरी चला गया था। सभी अभिभावकों को बच्चों की रुचि के अनुसार उन्हें आगे बढ़ाना चाहिए। बच्चों को समझना चाहिए उनकी रुचि के साथ उनका साथ देना चाहिए। प्रशांत वीर की मां ने बताया, 'जब बेटे के बारे में इस तरह की खबर सुनी तो वह पल मेरे लिए बहुत भावुक पल था।हम अपने बेटे के सकुशल रहने की कमाना करते है। रुपया मिलना बड़ी बात नहीं है मेरे बेटे का वहां तक पहुंचना ही बड़ी बात है।'
प्रशांत वीर अमेठी तहसील मुख्यालय से लगभग 11 किलोमीटर दूर गूजीपुर गांव के रहने वाले है उनकी प्राथमिक शिक्षा गांव में ही हुई। क्रिकेट में खेल की अभिरुचि भी उन्हें गांव से हुई। फिलहाल आज इस मुकाम पर पहुंचे इस लाल को सभी सलाम कर रहे है।

