नुवान तुषारा ने श्रीलंका क्रिकेट के खिलाफ दायर मुकदमा वापस लिया, IPL के कारण उठाया था बड़ा कदम

punjabkesari.in Friday, Apr 24, 2026 - 04:05 PM (IST)

कोलंबो : इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के लिए अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) देने से इंकार करने पर तेज गेंदबाज नुवान तुषारा ने श्रीलंका क्रिकेट (SLC) के खिलाफ दायर किए गए अपने मुकदमे को वापस ले लिया है। तुषारा ने कोलंबो जिला न्यायालय को बताया कि वह अपना केस वापस लेना चाहते हैं, क्योंकि IPL का बड़ा हिस्सा अब तक खेला जा चुका है। जिसके बाद कल न्यायालय इसे खारिज कर दिया। 

उन्होंने पिछले हफ्ते SLC को लिखित माफीनामा भी भेजा था और मुकदमा वापस लेने की इच्छा जताई थी। तुषारा इस सीजन में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) का हिस्सा हैं, लेकिन 31 साल के इस गेंदबाज की जगह अब तक किसी रिप्लेसमेंट का ऐलान नहीं हुआ है। अपने शुरुआती कोर्ट आवेदन में तुषारा ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने की इच्छा भी जताई थी। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि वह फैसला बरकरार है या नहीं। 

SLC के नए फिटनेस नियमों के तहत, जब तक वह न्यूनतम मानकों पर खरे नहीं उतरते, चयन के लिए उपलब्ध नहीं होंगे। तुषारा को SLC के फिटनेस मानकों को पूरा नहीं करन पाने के कारण NOC नहीं दी गई थी। इसी विवाद के दौरान तुषारा ने संन्यास का संकेत दिया और उसके बाद मुकदमा दायर किया। उनका तर्क था कि फिटनेस के आधार पर NOC देना या न देना अनुचित है और उनके करियर पर असर डालता है। 9 अप्रैल को मामला फिर से सुना गया, जहां SLC ने आपत्ति दर्ज कराने की बात कही। आखिरकार 23 अप्रैल को केस खारिज हो गया। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Sanjeev

Related News