जेडन लेनॉक्स ने अपनी तीसरी वनडे सीरीज में ही हासिल किया बड़ा मुकाम, वॉर्न-कुंबले का रिकॉर्ड तोड़ा

punjabkesari.in Wednesday, Jul 22, 2026 - 01:37 PM (IST)

नई दिल्ली : न्यूजीलैंड के बाएं हाथ के स्पिनर जेडन लेनॉक्स के लिए वेस्टइंडीज के खिलाफ सीरीज यादगार रही। उन्होंने 14 विकेट लेकर 'ब्लैक कैप्स' को 3-2 से वनडे सीरीज जिताई और पुरुषों की द्विपक्षीय वनडे सीरीज में किसी स्पिनर के सबसे अच्छे प्रदर्शन में से एक की बराबरी की। 'प्लेयर ऑफ द सीरीज' चुने गए लेनॉक्स ने 5 मैचों में 14 विकेट लिए। उन्होंने द्विपक्षीय वनडे सीरीज में किसी स्पिनर द्वारा सबसे ज्यादा विकेट लेने के मामले में श्रीलंका के अकिला धनंजय के साथ संयुक्त रूप से 10वां स्थान हासिल किया। उनका यह प्रदर्शन महान स्पिनरों शेन वॉर्न, अनिल कुंबले और शाहिद अफरीदी के एक द्विपक्षीय वनडे सीरीज में लिए गए सबसे ज्यादा विकेटों (13 विकेट) के रिकॉर्ड से बेहतर रहा। 

31 वर्षीय लेनॉक्स ने इस साल की शुरुआत में भारत के खिलाफ अपना इंटरनेशनल डेब्यू किया था और अपनी तीसरी द्विपक्षीय वनडे सीरीज में ही यह उपलब्धि हासिल कर ली। द्विपक्षीय वनडे सीरीज में सबसे ज्यादा विकेट लेने का रिकॉर्ड भारत के अमित मिश्रा (18 विकेट) के नाम है। उनके बाद कुलदीप यादव (17) हैं, जबकि अफगानिस्तान के राशिद खान और भारत के युजवेंद्र चहल ने एक सीरीज में 16-16 विकेट लिए हैं।

लेनॉक्स ने माना कि कैरिबियन में स्पिन के अनुकूल हालात उनके पक्ष में रहे लेकिन साथ ही कहा कि यह दौरा सीखने के लिहाज से बहुत कीमती रहा। लेनॉक्स ने कहा, 'बहुत मजा आया। ऐसी पिचों पर खेलना जो स्पिन के लिए काफी मददगार थीं, मेरे लिए सीखने का एक शानदार अनुभव रहा। ये द्विपक्षीय सीरीज विदेशी हालात में सीखने और अनुभव हासिल करने के बारे में होती हैं, इसलिए मैं निश्चित रूप से बहुत सारी जानकारी लेकर घर लौटूंगा।' 

उन्होंने कहा, 'मुझे लगता है कि यह सब खेल की बारीकियों के बारे में है। मिच सैंटनर लंबे समय से ऐसा कर रहे हैं, इसलिए यहां आकर उन्हें खेलते हुए देखना, यह देखना कि वे कैसे गेंदबाजी करते हैं, और उनकी कुछ तरकीबों और बारीकियों का इस्तेमाल करना ही इन पिचों पर खेलने का असली मजा है।' सीरीज हारने के बावजूद वेस्टइंडीज ने मंगलवार को बारबाडोस के केंसिंग्टन ओवल में पांचवां और आखिरी वनडे दो विकेट से जीतकर जीत के साथ सीरीज का समापन किया।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Sanjeev

Related News