IND vs PAK : पाकिस्तान सरकार ने लिया यू-टर्न, श्रीलंका के राष्ट्रपति ने जताया आभार

punjabkesari.in Tuesday, Feb 10, 2026 - 11:20 AM (IST)

नई दिल्ली : टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले बहुप्रतीक्षित मुकाबले पर छाए संकट के बादल अब छंट गए हैं। श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके ने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ का धन्यवाद किया है, जिन्होंने भारत-पाकिस्तान मुकाबले को निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार खेलने की पुष्टि की है। यह हाई-वोल्टेज मुकाबला 15 फरवरी 2026 को श्रीलंका के कोलंबो में खेला जाएगा।

पाकिस्तान सरकार का यू-टर्न

पाकिस्तान सरकार ने अपने पहले के रुख से पीछे हटते हुए पुरुष क्रिकेट टीम को भारत के खिलाफ मैच खेलने की अनुमति दे दी है। इससे पहले पाकिस्तान ने बांग्लादेश के समर्थन में इस मुकाबले के बहिष्कार का फैसला लिया था।

श्रीलंका राष्ट्रपति का X पर बयान

श्रीलंका के राष्ट्रपति ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा, 'प्रधानमंत्री @CMShehbaz का धन्यवाद, जिन्होंने यह सुनिश्चित किया कि हम सभी का पसंदीदा खेल जारी रहे। कोलंबो में चल रहे टी20 वर्ल्ड कप में भारत-पाकिस्तान का बहुप्रतीक्षित मुकाबला तय कार्यक्रम के अनुसार होगा।'

उन्होंने आगे कहा, 'टूर्नामेंट के सह-मेज़बान के रूप में श्रीलंका, @ICC और सभी संबंधित पक्षों के प्रयासों के लिए आभार व्यक्त करता है। श्रीलंका ने 1996 वर्ल्ड कप के दौरान भारत और पाकिस्तान द्वारा दिखाए गए सहयोग को नहीं भुलाया है, जब सुरक्षा चिंताओं के बावजूद दोनों टीमों ने कोलंबो में मैच खेले थे।'

बांग्लादेश विवाद से जुड़ा था बहिष्कार

पाकिस्तान सरकार ने पहले भारत के खिलाफ मैच न खेलने का निर्देश बांग्लादेश के समर्थन में दिया था। दरअसल, बांग्लादेश ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए भारत में अपने मैच खेलने से इनकार किया था। आईसीसी द्वारा बांग्लादेश की मांग खारिज किए जाने के बाद उसे टूर्नामेंट से बाहर कर स्कॉटलैंड को शामिल कर लिया गया।

ICC और BCB के दबाव में बदला फैसला

आईसीसी ने पाकिस्तान के बहिष्कार की धमकी पर कड़ा रुख अपनाया। वहीं, बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) और श्रीलंका सरकार ने भी पाकिस्तान से अपने फैसले पर पुनर्विचार करने का आग्रह किया। इसके बाद प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ ने पाकिस्तान टीम को भारत के खिलाफ खेलने की हरी झंडी दे दी।

पाकिस्तान सरकार का आधिकारिक बयान

पाकिस्तान सरकार ने सोमवार रात जारी बयान में कहा, 'बहुपक्षीय चर्चाओं से मिले सकारात्मक नतीजों और मित्र देशों के अनुरोध को ध्यान में रखते हुए, पाकिस्तान सरकार राष्ट्रीय क्रिकेट टीम को निर्देश देती है कि वह 15 फरवरी 2026 को आईसीसी पुरुष टी20 वर्ल्ड कप के निर्धारित मुकाबले में हिस्सा ले।' सरकार ने स्पष्ट किया कि यह फैसला बांग्लादेश और श्रीलंका के अनुरोध पर लिया गया है।

विवाद की शुरुआत कैसे हुई

आईसीसी और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के बीच गतिरोध की शुरुआत 1 फरवरी को हुई थी, जब प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ ने टीम को वर्ल्ड कप खेलने की अनुमति तो दी, लेकिन भारत के खिलाफ कोलंबो में मैदान पर उतरने से रोक दिया था। यह घटनाक्रम आईसीसी और बांग्लादेश के बीच चले विवाद के बाद सामने आया, जिसमें बांग्लादेश को टूर्नामेंट से बाहर किया गया था।

पाकिस्तान की अगली चुनौती

पाकिस्तान टीम फिलहाल श्रीलंका में मौजूद है और वह ग्रुप A का अपना दूसरा मुकाबला मंगलवार को संयुक्त राज्य अमेरिका (USA) के खिलाफ खेलेगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Ishtpreet Singh

Related News