टी20 वर्ल्ड कप : क्या खराब प्रदर्शन करने पर पाकिस्तानी खिलाड़ियों पर लगा जुर्माना? PCB ने बताई सच्चाई

punjabkesari.in Sunday, Mar 15, 2026 - 01:05 PM (IST)

स्पोर्ट्स डेस्क : टी20 वर्ल्ड कप 2026 से पाकिस्तान टीम के बाहर होने के बाद यह खबरें तेजी से फैलने लगी थीं कि पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के अध्यक्ष मोहसिन नकवी ने टीम के खिलाड़ियों पर भारी जुर्माना लगाया है। रिपोर्ट्स में दावा किया गया था कि सेमीफाइनल में जगह न बना पाने के कारण टीम के हर खिलाड़ी पर 5 मिलियन पाकिस्तानी रुपये (करीब 16 लाख रुपये) का जुर्माना लगाया गया है। हालांकि अब PCB ने इन खबरों पर आधिकारिक प्रतिक्रिया देते हुए स्थिति साफ कर दी है।

PCB ने जुर्माने की खबरों को बताया गलत

PCB के प्रवक्ता आमिर मीर ने मीडिया से बातचीत के दौरान इन खबरों को पूरी तरह गलत बताया। उन्होंने कहा कि बोर्ड खिलाड़ियों की जवाबदेही तय करने के लिए कुछ नए विकल्पों पर विचार जरूर कर रहा है, लेकिन अभी तक किसी खिलाड़ी पर कोई जुर्माना नहीं लगाया गया है। आमिर मीर ने कहा, 'किसी खिलाड़ी पर जुर्माना नहीं लगाया गया है। बोर्ड सिर्फ यह सोच रहा है कि खिलाड़ियों के लिए एक ऐसा फॉर्मूला बनाया जाए, जिसमें अच्छे प्रदर्शन पर मिलने वाले इंसेंटिव के साथ जवाबदेही भी तय हो। लेकिन अभी तक कुछ भी अंतिम नहीं है।'

टी20 वर्ल्ड कप 2026 में पाकिस्तान का प्रदर्शन

सलमान आगा की कप्तानी में पाकिस्तान टीम का टी20 वर्ल्ड कप अभियान मिला-जुला रहा। टीम ने ग्रुप स्टेज में अच्छा प्रदर्शन करते हुए ग्रुप A में छह अंकों के साथ दूसरा स्थान हासिल किया। पाकिस्तान ने इस चरण में नीदरलैंड्स, अमेरिका और नामीबिया को हराया, जबकि भारत के खिलाफ उन्हें हार का सामना करना पड़ा।

सुपर आठ में टूटा सेमीफाइनल का सपना

सुपर आठ चरण में पाकिस्तान की राह मुश्किल हो गई। न्यूजीलैंड के खिलाफ मैच बारिश के कारण रद्द हो गया। इंग्लैंड के खिलाफ मुकाबले में पाकिस्तान को दो विकेट से करीबी हार मिली। इसके बाद श्रीलंका के खिलाफ आखिरी मैच में पाकिस्तान ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पांच रन से जीत दर्ज की। इस मुकाबले में साहिबजादा फरहान ने शतक लगाया, जबकि फखर जमान ने 84 रन बनाए। हालांकि सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए पाकिस्तान को यह मैच कम से कम 65 रन से जीतना जरूरी था, लेकिन वह ऐसा नहीं कर पाया।

नेट रन रेट के कारण टूटा सपना

सुपर आठ के ग्रुप-2 में पाकिस्तान अंततः तीन अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहा। न्यूजीलैंड के मुकाबले कमजोर नेट रन रेट (NRR) की वजह से पाकिस्तान सेमीफाइनल में जगह बनाने से चूक गया।

हालिया मैच में भी झेलनी पड़ी आलोचना

टी20 वर्ल्ड कप से बाहर होने के बाद पाकिस्तान टीम को हाल ही में बांग्लादेश के खिलाफ वनडे मैच में भी शर्मनाक हार का सामना करना पड़ा। बाबर आजम की गैरमौजूदगी में पाकिस्तान की पूरी टीम 114 रन पर ऑलआउट हो गई। इस मुकाबले में 23 वर्षीय बांग्लादेशी गेंदबाज ने अपने करियर का पहला पांच विकेट हॉल लिया।

सलमान आगा के विवाद ने भी बढ़ाई परेशानी

हाल ही में बांग्लादेश के खिलाफ मैच के दौरान कप्तान सलमान आगा का रन-आउट विवाद भी चर्चा में रहा। मेहदी हसन मिराज द्वारा किए गए रन-आउट के बाद सलमान आगा की तीखी प्रतिक्रिया पर क्रिकेट जगत में बहस छिड़ गई और कई पूर्व खिलाड़ियों ने उनकी आलोचना की।

आकिब जावेद ने टीम का किया बचाव

पूर्व खिलाड़ी आकिब जावेद ने पाकिस्तान टीम का बचाव करते हुए कहा कि हर हार के बाद किसी न किसी को दोषी ठहराना सही नहीं है। उन्होंने कहा, 'हमारे सिस्टम में जब भी टीम हारती है तो किसी को सजा देने की मांग उठने लगती है। कोच, चयनकर्ता या खिलाड़ियों को बदलने की बातें होने लगती हैं। दुनिया में कहीं भी इतनी जल्दी बदलाव नहीं होते।'

आकिब जावेद ने यह भी कहा कि पाकिस्तान ने सिर्फ एक मैच हारा और नेट रन रेट की वजह से सेमीफाइनल से बाहर हुआ, इसलिए इसे इतना बड़ा संकट नहीं माना जाना चाहिए।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Ishtpreet Singh

Related News