''PCB ने उसका करियर बचा लिया'', नसीम शाह विवाद पर पूर्व क्रिकेटर का बड़ा बयान
punjabkesari.in Wednesday, Apr 01, 2026 - 04:35 PM (IST)
स्पोर्ट्स डेस्क : पाकिस्तान के तेज गेंदबाज Naseem Shah इन दिनों बड़े विवाद में फंस गए हैं। Pakistan Cricket Board ने उन्हें एक राजनीतिक सोशल मीडिया पोस्ट के कारण 20 मिलियन पाकिस्तानी रुपये (करीब 20 करोड़ PKR) का भारी जुर्माना लगाया है। यह मामला PSL 2026 के दौरान सामने आया था, जिसके बाद बोर्ड ने सख्त कार्रवाई की।
क्या था पूरा मामला?
रिपोर्ट के मुताबिक Naseem Shah ने लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में पंजाब की मुख्यमंत्री मरियम नवाज को मिले VIP ट्रीटमेंट को लेकर सोशल मीडिया पर पोस्ट किया था। बाद में उन्होंने पोस्ट डिलीट कर बिना शर्त माफी भी मांगी, लेकिन PCB ने इसे सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट के नियमों का उल्लंघन मानते हुए कार्रवाई की।
कामरान अकमल का बड़ा बयान
पाकिस्तान के पूर्व विकेटकीपर Kamran Akmal ने इस मामले पर बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा, 'PCB ने उसका करियर बचा लिया, अगर उस पर बैन लग जाता तो उसका करियर खत्म हो सकता था।' अकमल ने कहा कि जुर्माना बड़ा जरूर है, लेकिन बैन से बच जाना नसीम शाह के लिए राहत की बात है।
नसीम की घटती स्पीड पर भी उठे सवाल
Kamran Akmal ने नसीम शाह की गेंदबाजी पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा, 'वह पहले 145-150 की स्पीड से गेंदबाजी करते थे, अब 135-137 पर आ गए हैं। उनकी स्पीड कहां गई?' हाल ही में PSL के एक मैच में नसीम ने 51 रन दिए और एक भी विकेट नहीं लिया, जिससे उनकी फॉर्म और फिटनेस पर भी सवाल उठ रहे हैं।
राजनीति से दूर रहने की सलाह
अकमल ने नसीम शाह को साफ सलाह दी कि उन्हें राजनीति से दूर रहना चाहिए। उन्होंने कहा, 'इन चीजों को छोड़ो, क्रिकेट पर फोकस करो। जब आप सिस्टम का हिस्सा होते हैं तो न्यूट्रल रहना पड़ता है।' उन्होंने भारत का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां के खिलाड़ी भी राजनीतिक मामलों पर खुलकर बयान नहीं देते।
आमिर जमाल केस से तुलना पर उठे सवाल
इस मामले ने इसलिए भी विवाद बढ़ाया क्योंकि Aamer Jamal को पहले एक राजनीतिक मामले में काफी कम जुर्माना लगा था, जबकि नसीम शाह पर बहुत बड़ा जुर्माना लगाया गया। इससे PCB की कार्रवाई पर सवाल उठ रहे हैं और बोर्ड की नीतियों को लेकर बहस शुरू हो गई है।

