IPL 2026: SRH टीम से जुड़े पैट कमिंस, लेकिन कैप्टन्स मीट में जाएंगा ये भारतीय खिलाड़ी
punjabkesari.in Tuesday, Mar 24, 2026 - 12:38 PM (IST)
स्पोर्ट्स डेस्क: IPL 2026 से पहले सनराइजर्स हैदराबाद के कप्तान Pat Cummins टीम से जुड़ने के लिए बेंगलुरु पहुंच रहे हैं, लेकिन वह कैप्टन्स मीट में हिस्सा नहीं लेंगे। रिपोर्ट के मुताबिक, उनकी जगह टीम के विकेटकीपर बल्लेबाज Ishan Kishan कैप्टन्स मीट में सनराइजर्स हैदराबाद का प्रतिनिधित्व करेंगे।
कैप्टन्स मीट में ईशान किशन होंगे SRH के प्रतिनिधि
रिपोर्ट के अनुसार, कमिंस 24 मार्च को टीम से जुड़ जाएंगे, लेकिन 25 मार्च को मुंबई में होने वाली कैप्टन्स मीट में वह शामिल नहीं होंगे। इस दौरान ईशान किशन मुंबई में बाकी कप्तानों के साथ मीटिंग में हिस्सा लेंगे। इससे पहले SRH ने ईशान किशन को शुरुआती मैचों के लिए स्टैंड-इन कप्तान बनाया है, जबकि अभिषेक शर्मा को उपकप्तान की जिम्मेदारी दी गई है।
IPL में कप्तानी डेब्यू करेंगे ईशान किशन
ईशान किशन 28 मार्च को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ मैच में कप्तानी करते नजर आएंगे। यह उनके आईपीएल करियर का पहला मौका होगा जब वह किसी टीम की कप्तानी करेंगे। वहीं पैट कमिंस अभी चोट से पूरी तरह फिट नहीं हैं, इसलिए वह शुरुआती मैचों में डगआउट से टीम को सपोर्ट करते नजर आ सकते हैं।
चोट के कारण कमिंस की फिटनेस पर सवाल
कमिंस पिछले कुछ समय से पीठ की चोट (लंबर स्ट्रेस) से जूझ रहे थे, जिसके कारण वह लंबे समय तक क्रिकेट से दूर रहे। वह एशेज में लौटे जरूर थे, लेकिन सिर्फ एक मैच खेलकर फिर बाहर हो गए। इसी वजह से वह टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भी नहीं खेल पाए थे।
शानदार फॉर्म में चल रहे हैं ईशान किशन
ईशान किशन पिछले कुछ महीनों में शानदार फॉर्म में रहे हैं। उन्होंने झारखंड को पहली बार सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी का खिताब दिलाया। वह टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज भी रहे। इसके बाद उन्हें टी20 वर्ल्ड कप 2026 की भारतीय टीम में भी जगह मिली।
9 पारियों में 317 रन
औसत: 35.22
स्ट्राइक रेट: 193.29
3 अर्धशतक
IPL 2025 में कैसा रहा था SRH का प्रदर्शन
आईपीएल 2025 में पैट कमिंस की कप्तानी में सनराइजर्स हैदराबाद की टीम पॉइंट्स टेबल में छठे स्थान पर रही थी। टीम ने 14 मैचों में 6 जीत हासिल की थी और प्लेऑफ में जगह बनाने से चूक गई थी। हालांकि 2024 सीजन में टीम फाइनल तक पहुंची थी।

