वैभव सूर्यवंशी को लेकर BCCI का बड़ा बयान, डेब्यू में देरी पर राजीव शुक्ला ने तोड़ी चुप्पी

punjabkesari.in Saturday, Jul 04, 2026 - 11:24 AM (IST)

स्पोर्ट्स डेस्क : भारत के 15 वर्षीय विस्फोटक बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अब तक डेब्यू का मौका नहीं मिलने पर उठ रहे सवालों के बीच बीसीसीआई उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने साफ कहा कि वैभव बेहद प्रतिभाशाली खिलाड़ी हैं, लेकिन उन्हें सही समय पर ही मौका मिलेगा। अंतिम फैसला टीम मैनेजमेंट, कप्तान और कोच का होगा।

IPL में धमाका, लेकिन टीम इंडिया डेब्यू का इंतजार

आईपीएल 2026 में ऐतिहासिक प्रदर्शन करने वाले वैभव सूर्यवंशी को आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे की टी20 टीम में जगह मिली, लेकिन अब तक वह एक भी मुकाबला नहीं खेल सके हैं। आयरलैंड जैसी अपेक्षाकृत कमजोर टीम के खिलाफ भी उन्हें मौका नहीं मिला। इसके बाद इंग्लैंड के खिलाफ पहले टी20 में भी टीम इंडिया ने संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा की ओपनिंग जोड़ी पर भरोसा जताया। हालांकि बारिश के कारण वह मुकाबला बिना नतीजे के समाप्त हो गया।

राजीव शुक्ला बोले- सही समय आने पर जरूर मिलेगा मौका

टाइम्स नाउ से बातचीत में राजीव शुक्ला ने कहा कि बीसीसीआई भी वैभव सूर्यवंशी को देश के सबसे प्रतिभाशाली युवा खिलाड़ियों में से एक मानती है। उन्होंने सोशल मीडिया पर टीम मैनेजमेंट की आलोचना पर भी प्रतिक्रिया दी।

उन्होंने कहा, 'हम भी मानते हैं कि वैभव बेहद प्रतिभाशाली खिलाड़ी हैं और उन्होंने आईपीएल में इसे साबित किया है। मैंने टीम मैनेजमेंट और कोच के खिलाफ कई टिप्पणियां देखी हैं, लेकिन मैं साफ करना चाहता हूं कि अंतिम फैसला कप्तान और कोच का होता है। वे परिस्थितियों को देखते हैं और जब उन्हें सही मौका लगेगा, तब वैभव को जरूर मौका मिलेगा।'

IPL 2026 में रहा ऐतिहासिक प्रदर्शन

बिहार के समस्तीपुर से आने वाले वैभव सूर्यवंशी ने राजस्थान रॉयल्स के लिए आईपीएल 2026 में शानदार बल्लेबाजी की। उन्होंने पूरे सीजन में लगातार आक्रामक अंदाज दिखाते हुए सबसे ज्यादा रन बनाए और ऑरेंज कैप अपने नाम की।

IPL 2026 में वैभव सूर्यवंशी के आंकड़े

मैच: 16, रन: 776, औसत: 48.50, स्ट्राइक रेट: 237.30
शतक: 1, अर्धशतक: 4, ऑरेंज कैप विजेता.

इंग्लैंड सीरीज में बढ़ी डेब्यू की उम्मीद

इंग्लैंड के खिलाफ पहला टी20 मुकाबला बारिश की भेंट चढ़ गया था। ऐसे में अब मैनचेस्टर में होने वाले दूसरे टी20 से पहले एक बार फिर वैभव सूर्यवंशी के डेब्यू को लेकर चर्चा तेज हो गई है। हालांकि बीसीसीआई ने साफ संकेत दिए हैं कि युवा बल्लेबाज को जल्दबाजी में नहीं, बल्कि सही समय और सही परिस्थिति में टीम इंडिया की कैप सौंपी जाएगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Ishtpreet Singh

Related News