Ranji Trophy : सूर्यकुमार यादव फिर फ्लॉप, इन बल्लेबाजों ने बजाई मुंबई की लाज

punjabkesari.in Saturday, Feb 08, 2025 - 06:04 PM (IST)

खेल डैस्क : भारतीय टी20 कप्तान सूर्यकुमार यादव रणजी ट्रॉफी में भी अपनी खोई हुई फॉर्म ढूंढते नजर आए। हरियाणा के खिलाफ मुकाबले में वह मात्र 6 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। हालांकि मुंबई की टीम शम्स मुलानी और तनुश कोटियन के अर्धशतकों की बदौलत पहले दिन का खेल समाप्त होने तक मजबूत स्थिति में पहुंच गई। मुंबई की शुरुआत खराब रही थी। उसे शुरुआत में हरियाणा के अनुशासित गेंदबाजी आक्रमण के सामने संघर्ष करना पड़ा। पहले सत्र तक मुंबई 13.2 ओवर में 25/4 पर सिमट गई। आयुष म्हात्रे, सूर्यकुमार यादव और अन्य सहित शीर्ष क्रम के प्रमुख बल्लेबाज सस्ते में आउट हो गए। इस दौरान हरियाणा के तेज गेंदबाज अंशुल कंबोज ने शानदार गेंदबाजी की। 


लंच के समय मुंबई का स्कोर 53/4 था, अजिंक्य रहाणे और सिद्धेश लाड क्रीज पर थे। लंच के बाद मुंबई ने लगातार विकेट गंवाई। रहाणे 31 रन बनाकर आऊट हो गए। इसी बीच शम्स मुलानी और तनुश कोटियन के बीच अहम साझेदारी ने मुंबई को नाजुक स्थिति से बचाया। दोनों ने महत्वपूर्ण साझेदारी करते हुए मुंबई को चाय तक 151/7 तक पहुंचाया। मुलानी ने अंत तक 91 रन तो कोटियन ने 85 रन बनाए। उनकी साझेदारी के कारण पहले दिन स्टंप्स तक मुंबई का कुल स्कोर 278/8 हो गया। 

 

हरियाणा के लिए प्रमुख गेंदबाजी प्रदर्शन में अंशुल कंबोज (3/48) और निशांत सिंधु शामिल रहे, जिन्होंने किफायती गेंदबाजी करते हुए मुंबई के बल्लेबाजों पर दबाव बनाए रखा। बता दें कि यह मैच मूल रूप से लाहली, रोहतक में चौधरी बंसी लाल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाना था, लेकिन अंतिम समय में इसे कोलकाता के ईडन गार्डन में स्थानांतरित कर दिया गया। यह बदलाव "अपरिहार्य परिस्थितियों" के कारण हुआ, जिसमें संभावित कारणों के रूप में कोहरे और खराब मौसम का अनुमान लगाया गया।

 


दोनों टीमों की प्लेइंग 11
हरियाणा : लक्ष्य दलाल, यश वर्धन दलाल, अंकित कुमार (कप्तान), हिमांशु राणा, निशांत सिंधु, रोहित प्रमोद शर्मा (विकेटकीपर), जयंत यादव, सुमित कुमार, अंशुल कंबोज, अनुज ठकराल, अजीत चहल
मुंबई : आयुष म्हात्रे, आकाश आनंद (विकेटकीपर), सिद्धेश लाड, अजिंक्य रहाणे (कप्तान), सूर्यकुमार यादव, शिवम दुबे, शम्स मुलानी, शार्दुल ठाकुर, तनुष कोटियन, मोहित अवस्थी, रॉयस्टन डायस

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Jasmeet

Related News