रवि शास्त्री ने अभिषेक शर्मा को दी अहम सलाह, बताया फॉर्म में वापसी का तरीका

punjabkesari.in Monday, Feb 16, 2026 - 11:20 AM (IST)

कोलंबो (श्रीलंका) : पूर्व भारतीय क्रिकेटर Ravi Shastri ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 में खराब फॉर्म से जूझ रहे Abhishek Sharma का समर्थन किया है। उनका मानना है कि युवा ओपनर को खुद को थोड़ा और समय देना चाहिए।

भारत-पाकिस्तान मुकाबले में अभिषेक शर्मा चार गेंद में बिना खाता खोले आउट हो गए। यह मौजूदा टूर्नामेंट में उनका लगातार दूसरा डक और पिछले पांच टी20I में तीसरा डक था। विश्व के नंबर-1 टी20I बल्लेबाज रहे अभिषेक इस विश्व कप में अभी तक खाता नहीं खोल पाए हैं। उनका आखिरी टी20I अर्धशतक छह पारियों पहले न्यूजीलैंड के खिलाफ गुवाहाटी में आया था, जहां उन्होंने नाबाद 68 रन बनाए थे।

शास्त्री को भरोसा, जल्द करेंगे वापसी

आईसीसी वेबसाइट के मुताबिक संजना गणेशन से बातचीत में शास्त्री ने कहा कि खराब दौर हर खिलाड़ी के करियर में आता है।

उन्होंने कहा, 'मुझे लगता है वह बड़ी पारी के लिए तैयार हैं, लेकिन उन्हें खुद को थोड़ा समय देना होगा। ऐसे दौर आते हैं, जब लय टूट जाती है। एक बार सेट हो गए तो डॉट गेंदों को चौके-छक्कों में बदलना उनके लिए मुश्किल नहीं होगा।'

ईशान किशन की जमकर तारीफ

जहां अभिषेक संघर्ष कर रहे हैं, वहीं ईशान किशन शानदार फॉर्म में नजर आ रहे हैं। पाकिस्तान के खिलाफ उन्होंने 40 गेंदों में 77 रन की मैच जिताऊ पारी खेली और प्लेयर ऑफ द मैच बने।

यह टी20 वर्ल्ड कप 2026 में उनका लगातार दूसरा अर्धशतक था। शास्त्री ने उनकी तारीफ करते हुए कहा कि कोलंबो की चुनौतीपूर्ण पिच पर लगभग 200 के स्ट्राइक रेट से रन बनाना अविश्वसनीय है। 'वह इस समय सपने जैसा खेल रहे हैं। इस पिच पर इस तरह स्ट्राइक करना आसान नहीं था। मुझे सबसे ज्यादा यह पसंद आया कि उन्होंने परिस्थितियों को कितनी जल्दी समझ लिया।'

मैच का पूरा हाल

भारत-पाकिस्तान मुकाबले में पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी। अभिषेक के जल्दी आउट होने के बाद ईशान (77) और तिलक वर्मा (25) ने पारी संभाली। 126/4 की स्थिति के बाद कप्तान Suryakumar Yadav, शिवम दुबे और रिंकू सिंह ने अच्छी फिनिशिंग की। भारत ने 175/7 का स्कोर खड़ा किया। पाकिस्तान की ओर से सैम अयूब (3/25) सबसे सफल गेंदबाज रहे।

लक्ष्य का पीछा करते हुए पाकिस्तान 34/4 पर सिमट गया। उस्मान खान (44) ने संघर्ष जरूर किया, लेकिन पूरी टीम 18 ओवर में 114 रन पर ढेर हो गई। अक्षर पटेल (2/29), हार्दिक पांड्या (2/16), जसप्रीत बुमराह (2/17) और वरुण चक्रवर्ती (2/17) ने बेहतरीन गेंदबाजी की।

भारत ने लगातार तीसरी जीत के साथ सुपर-8 में जगह बना ली। ग्रुप-ए में भारत तीन जीत के साथ शीर्ष पर है। टी20 विश्व कप इतिहास में अब भारत का पाकिस्तान पर रिकॉर्ड 8-1 हो गया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Ishtpreet Singh

Related News