रिकी पोंटिंग इस भारतीय गेंदबाज के हुए मुरीद, टी20 वर्ल्ड कप में सभी मैचों में मौका देने की मांग की

punjabkesari.in Tuesday, Feb 10, 2026 - 02:46 PM (IST)

नई दिल्ली : ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान रिकी पोंटिंग ने भारतीय तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह की जमकर तारीफ करते हुए कहा है कि उन्होंने अपनी गेंदबाज़ी में एक नई और बेहद असरदार वैरिएशन जोड़ी है। पोंटिंग का मानना है कि अर्शदीप मौजूदा फॉर्म और कौशल के दम पर टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत की प्लेइंग इलेवन में नियमित स्थान पाने के पूरी तरह हकदार हैं।

नई स्लोअर बॉल बनी अर्शदीप का हथियार

रिकी पोंटिंग ने खुलासा किया कि भारत बनाम अमेरिका मुकाबले के दौरान उन्होंने अर्शदीप की गेंदबाज़ी में एक नया बदलाव नोटिस किया। आईसीसी रिव्यू शो में पोंटिंग ने कहा, 'मैंने देखा कि अर्शदीप ने एक अलग तरह की स्लोअर बॉल विकसित की है। यह गेंद उंगलियों के साइड से निकलती है और लेफ्ट हैंडर को इन-स्विंग करती है, जबकि राइट हैंडर के खिलाफ बाहर की ओर जाती है। यह उसके हथियारों में जुड़ी एक नई स्किल है।' पोंटिंग ने यह भी बताया कि उन्होंने पंजाब किंग्स के हेड कोच रहते हुए अर्शदीप के साथ काफ़ी करीब से काम किया है।

अमेरिका के खिलाफ शानदार प्रदर्शन

टी20 वर्ल्ड कप 2026 के ओपनिंग मैच में अर्शदीप सिंह ने अमेरिका के खिलाफ 4 ओवर में सिर्फ 18 रन देकर 2 विकेट झटके। उन्होंने नई गेंद से मोहम्मद सिराज के साथ गेंदबाज़ी की शुरुआत की। इस मैच में जसप्रीत बुमराह अस्वस्थ होने के कारण नहीं खेले, जबकि सिराज ने वापसी पर तीन विकेट चटकाए।

अब बुमराह की वापसी के बाद यह देखना दिलचस्प होगा कि टीम मैनेजमेंट अर्शदीप और सिराज में से किसे प्लेइंग इलेवन में बनाए रखता है।

पोंटिंग बोले– अर्शदीप हर हाल में प्लेइंग XI के हकदार

12 फरवरी को नामीबिया के खिलाफ होने वाले मुकाबले से पहले पोंटिंग ने साफ शब्दों में कहा कि भारतीय टीम को अर्शदीप को प्लेइंग इलेवन में बनाए रखना चाहिए।

उन्होंने कहा, 'वह बेहद स्किल्ड गेंदबाज़ है। टी20 क्रिकेट में सबसे तेज़ 100 विकेट लेना अपने आप में बहुत कुछ कहता है। वह नई और पुरानी दोनों गेंद से खतरनाक है। उसके पास इन-स्विंगर, आउट-स्विंगर, अराउंड द विकेट वैरिएशन और शानदार यॉर्कर हैं। वह पूरी तरह से इस भारतीय टीम में जगह डिज़र्व करता है।'

अर्शदीप सिंह के टी20I आंकड़े

अर्शदीप सिंह टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में भारत के सबसे भरोसेमंद तेज़ गेंदबाज़ों में शामिल हो चुके हैं। उन्होंने अब तक 77 टी20I मैचों में 120 विकेट झटके हैं। उनका औसत 18.88 का है, जिसमें एक पांच विकेट हॉल और दो चार विकेट हॉल शामिल हैं। तेज गेंदबाज़ों में वह सातवें सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Ishtpreet Singh

Related News