पिता के निधन के बाद टीम में वापसी करेंगे रिंकू सिंह, वेस्टइंडीज के खिलाफ मैच खेलने को तैयार

punjabkesari.in Friday, Feb 27, 2026 - 10:58 PM (IST)

स्पोर्ट्स डेस्क : भारतीय क्रिकेट टीम के युवा स्टार रिंकू सिंह इस समय अपनी ज़िंदगी के सबसे मुश्किल दौर से गुजर रहे हैं। T20 वर्ल्ड कप 2026 के दौरान उनके सिर से उनके पिता का साया उठ गया है। लेकिन इस बड़े दुख के बावजूद रिंकू ने बहुत हिम्मत वाला फैसला लिया है और देश के प्रति अपनी ज़िम्मेदारी निभाने के लिए टीम में दोबारा शामिल होने का फैसला किया है।

रिंकू सिंह 26 फरवरी को इंडिया और ज़िम्बाब्वे के बीच खेले गए मैच में मैदान पर मौजूद थे। हालांकि उन्हें प्लेइंग 11 में शामिल नहीं किया गया था, लेकिन उन्होंने सब्स्टीट्यूट फील्डर के तौर पर भूमिका निभाई थी। इस मैच के खत्म होने के कुछ घंटे बाद, 27 फरवरी की सुबह उन्हें अपने पिता खानचंद सिंह की मौत की खबर मिली। उनके पिता लंबे समय से लिवर कैंसर के चौथे स्टेज से जूझ रहे थे।

खबर मिलते ही रिंकू सिंह चेन्नई से सीधे अपने शहर अलीगढ़ पहुंचे, जहां उन्होंने अपने पिता के पार्थिव शरीर को कंधे पर रखकर अंतिम संस्कार किया। इससे पहले, अपने पिता की बिगड़ती हालत के कारण वह टूर्नामेंट के बीच में उनसे मिलने अस्पताल गए थे, लेकिन देश की खातिर वह जिम्बाब्वे मैच से पहले टीम में वापस आ गए थे।

जानकारी के मुताबिक, रिंकू सिंह शनिवार, 28 फरवरी को कोलकाता में भारतीय टीम से फिर जुड़ेंगे। भारत का अगला मैच 1 मार्च को ईडन गार्डन्स स्टेडियम में वेस्टइंडीज के खिलाफ है। यह मैच भारत के लिए बहुत अहम है क्योंकि इसे जीतने वाली टीम ही सेमीफाइनल में जगह बना पाएगी। टीम की जरूरत को देखते हुए रिंकू के इस फैसले की हर जगह तारीफ हो रही है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Parveen Kumar

Related News