PSL में शाहीन अफरीदी पर फ्रेंचाइजी का एक्शन, लगाया भारी जुर्माना; जानें क्या है पूरा मामला

punjabkesari.in Tuesday, Mar 31, 2026 - 12:27 PM (IST)

स्पोर्ट्स डेस्क : पाकिस्तान सुपर लीग 2026 में लाहौर कलंदर्स के कप्तान Shaheen Afridi पर फ्रेंचाइजी ने 10 लाख पाकिस्तानी रुपये (करीब 3.29 लाख भारतीय रुपये) का जुर्माना लगाया है। यह जुर्माना टीम होटल की सुरक्षा व्यवस्था का उल्लंघन करने के मामले में लगाया गया है। फ्रेंचाइजी ने बयान जारी कर कहा कि अनुशासन बनाए रखने और जिम्मेदारी तय करने के लिए यह फैसला लिया गया।

सिकंदर रज़ा के मेहमानों की एंट्री बना विवाद

रिपोर्ट के अनुसार, यह पूरा मामला Sikandar Raza के मेहमानों को टीम होटल में एंट्री दिलाने से जुड़ा है। स्थानीय पुलिस और सुरक्षा अधिकारियों ने कई बार मना किया, लेकिन इसके बावजूद मेहमानों को होटल में एंट्री दी गई। इसके बाद इस मामले की जानकारी PSL और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड को दी गई।

फ्रेंचाइजी ने बयान में क्या कहा

लाहौर कलंदर्स ने अपने आधिकारिक बयान में कहा कि यह मामला जानबूझकर नियम तोड़ने का नहीं था, बल्कि गलतफहमी की वजह से हुआ। फ्रेंचाइजी ने सुरक्षा कर्मियों के काम की सराहना भी की और कहा कि टीम सभी सुरक्षा नियमों का सम्मान करती है। साथ ही फ्रेंचाइजी ने इस मामले की पूरी रिपोर्ट पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड को भेज दी है।

रज़ा पर नहीं हुआ कोई एक्शन

इस मामले में Sikandar Raza पर कोई कार्रवाई नहीं की गई है। रज़ा ने खुद इस घटना की जिम्मेदारी ली और कहा कि अगर किसी को दोष देना है तो उन्हें दिया जाए, क्योंकि मेहमान उनके थे। उन्होंने यह भी कहा कि वह पिछले चार साल से इसी तरह अपने मेहमानों को बुलाते रहे हैं और मेहमान सिर्फ 40 मिनट के लिए होटल में रुके थे।

पॉइंट्स टेबल में टीम की स्थिति

विवादों के बावजूद लाहौर कलंदर्स का प्रदर्शन टूर्नामेंट में ठीक रहा है। टीम एक जीत और एक हार के साथ पॉइंट्स टेबल में दूसरे स्थान पर है और उसका नेट रन रेट भी अच्छा है। टीम का अगला मुकाबला 3 अप्रैल को मुल्तान सुल्तांस के खिलाफ खेला जाएगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Ishtpreet Singh

Related News