रणजी ट्रॉफी सेमीफाइनल में शमी का कहर, इरफान पठान ने की जमकर तारीफ

punjabkesari.in Tuesday, Feb 17, 2026 - 05:18 PM (IST)

कल्याणी : भारतीय तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने रणजी ट्रॉफी 2025-26 के सेमीफाइनल में बंगाल की ओर से खेलते हुए जम्मू-कश्मीर के खिलाफ ऐतिहासिक प्रदर्शन किया। बंगाल क्रिकेट अकादमी ग्राउंड पर खेले जा रहे मुकाबले में शमी ने 8 विकेट लेकर 8/90 का करियर-बेस्ट आंकड़ा दर्ज किया।

नई गेंद से मचाया तहलका

शमी ने नई गेंद से ही स्विंग और रफ्तार का शानदार प्रदर्शन करते हुए जम्मू-कश्मीर के दोनों ओपनरों को पवेलियन भेज दिया। उन्होंने 59वें ओवर में कनहैया वाधवन को आउट कर अपना पांचवां विकेट पूरा किया। इसके बाद 77वें ओवर में आकिब नबी का विकेट लेकर उन्होंने आठ विकेट का कारनामा पूरा किया।

इरफान पठान ने की सराहना

पूर्व भारतीय ऑलराउंडर इरफान पठान ने शमी की इस घातक गेंदबाजी की खुलकर तारीफ की। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा, 'जब वर्ल्ड कप चल रहा है, तब भारत के बेहतरीन तेज गेंदबाजों में से एक मोहम्मद शमी रणजी ट्रॉफी में मेहनत कर रहे हैं। सेमीफाइनल में 8 विकेट।'

घरेलू क्रिकेट में लगातार शानदार फॉर्म

35 वर्षीय शमी घरेलू क्रिकेट में लगातार प्रभावशाली प्रदर्शन कर रहे हैं। पिछले महीने सर्विसेज के खिलाफ उन्होंने दूसरी पारी में 5/51 के आंकड़े दर्ज किए थे। इस सीजन अब तक वह सात मैचों में 38 विकेट ले चुके हैं, जिसमें तीन बार पांच विकेट हॉल शामिल है।

टीम इंडिया से बाहर, फिर भी जारी संघर्ष

शमी पिछले एक साल से भारतीय टीम का हिस्सा नहीं रहे हैं। उन्होंने आखिरी बार 2025 चैंपियंस ट्रॉफी में भारत के लिए खेला था, जहां उन्होंने नौ विकेट लेकर टीम को खिताब दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी।

बंगाल को दिलाई बढ़त, अब ऐतिहासिक मौका

शमी की शानदार गेंदबाजी के दम पर बंगाल ने पहली पारी में 26 रन की बढ़त हासिल की। हालांकि दूसरी पारी में टीम सिर्फ 99 रन पर सिमट गई और जम्मू-कश्मीर को 126 रन का लक्ष्य मिला। जम्मू-कश्मीर की टीम पहली बार रणजी ट्रॉफी फाइनल में पहुंचने का इतिहास रचने की कोशिश कर रही है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Ishtpreet Singh

Related News