IPL 2026: ''हमसे वहां चूक हो गई'', श्रेयस अय्यर ने GT से हार की असली वजह बताई

punjabkesari.in Monday, May 04, 2026 - 09:52 AM (IST)

स्पोर्ट्स डेस्क: IPL 2026 में पंजाब किंग्स (PBKS) को गुजरात टाइटंस (GT) के खिलाफ 4 विकेट से करीबी हार का सामना करना पड़ा। यह PBKS की लगातार दूसरी हार रही। पहले बल्लेबाजी करते हुए पंजाब ने 163 रन बनाए, जिसे GT ने आखिरी ओवर में हासिल कर लिया। मुकाबला बेहद रोमांचक रहा, लेकिन अहम मौकों पर PBKS की पकड़ ढीली पड़ गई।

श्रेयस अय्यर ने बताई हार की वजह

मैच के बाद कप्तान Shreyas Iyer ने साफ कहा कि टीम अपनी गेंदबाजी योजनाओं को सही तरीके से लागू नहीं कर पाई। उन्होंने कहा, 'नई गेंद से हमें लगा था कि हम सही लाइन-लेंथ पर गेंदबाजी करेंगे और विकेट निकालेंगे, लेकिन ऐसा नहीं हो पाया।' अय्यर ने आगे माना कि टीम की सबसे बड़ी कमी ‘हार्ड लेंथ’ पर गेंदबाजी न कर पाना रही। 'हम हार्ड लेंथ पर गेंद डालने से चूक गए, यही फर्क पड़ा।'

अच्छे स्कोर के बावजूद क्यों हारी PBKS?

कप्तान का मानना था कि 163 रन का स्कोर इस पिच पर अच्छा था। उन्होंने टीम के बल्लेबाजों की तारीफ करते हुए कहा, 'पावरप्ले में चार विकेट गिरने के बाद 160 तक पहुंचना शानदार प्रयास था। खिलाड़ियों का एटीट्यूड और अप्रोच काबिल-ए-तारीफ रहा।' हालांकि, गेंदबाज इस स्कोर को डिफेंड नहीं कर पाए। GT के बल्लेबाजों ने पिच का बेहतर इस्तेमाल किया और सही लेंथ पर खेलते हुए लक्ष्य हासिल कर लिया।

पिच और कंडीशन पर क्या बोले अय्यर?

अय्यर ने पिच को चुनौतीपूर्ण बताया और कहा कि यहां मिडविकेट के ऊपर शॉट खेलना आसान नहीं था। 'पिच पर बाउंस असमान था, इसलिए बल्लेबाजी आसान नहीं थी। लेकिन हम execution में पीछे रह गए।'

टीम का आत्मविश्वास बरकरार

हार के बावजूद अय्यर ने टीम का मनोबल ऊंचा बताया। 'हम अभी भी पॉइंट्स टेबल में टॉप पर हैं। गेंदबाजों का इरादा सही था, लेकिन आज दिन हमारा नहीं था। अगर एटीट्यूड सही रहेगा तो नतीजे जरूर आएंगे।'

पॉइंट्स टेबल में PBKS की स्थिति

लगातार दो हार के बावजूद पंजाब किंग्स 9 मैचों में 13 अंकों के साथ अब भी टॉप पर बनी हुई है। टीम ने 6 मुकाबले जीते हैं, जबकि एक मैच बारिश के कारण रद्द हुआ था। अब PBKS का अगला मुकाबला सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) से 6 मई को हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जाएगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Ishtpreet Singh

Related News