IND vs IRE: आयरलैंड से हार के बाद श्रेयस अय्यर का बयान, ''जो हुआ उसे भूलकर वापसी करेंगे''
punjabkesari.in Saturday, Jun 27, 2026 - 10:04 AM (IST)
स्पोर्ट्स डेस्क : भारत के लिए आयरलैंड दौरे की शुरुआत बेहद निराशाजनक रही। टी20 विश्व कप 2026 जीतने के बाद पहली बार मैदान पर उतरी टीम इंडिया को पहले ही मुकाबले में आयरलैंड ने 34 रन से हराकर बड़ा उलटफेर कर दिया। यह टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में भारत पर आयरलैंड की पहली जीत भी रही। मैच के बाद कप्तान अय्यर ने साफ कर दिया कि टीम इस हार को पीछे छोड़ते हुए अगले मुकाबले में नई ऊर्जा के साथ उतरेगी।
श्रेयस अय्यर की कप्तानी का खराब आगाज
बेलफास्ट में खेले गए पहले टी20 मुकाबले में श्रेयस अय्यर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। शुरुआत में भारतीय गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया और आयरलैंड को शुरुआती झटके दिए। हर्षित राणा ने चोट से वापसी करते हुए 3 विकेट झटके, जबकि अर्शदीप सिंह ने हैरी टेक्टर को बिना खाता खोले पवेलियन भेजा। जन्मदिन मना रहे शिवम दुबे ने भी अपनी पहली ही गेंद पर विकेट हासिल किया, जिससे आयरलैंड का स्कोर 51/4 हो गया।
लेकिन इसके बाद कप्तान लॉर्कन टकर (50) और गैरेथ डेलानी (49) ने 64 रनों की अहम साझेदारी कर मैच का रुख बदल दिया। दोनों की आक्रामक बल्लेबाजी की बदौलत आयरलैंड ने 20 ओवर में 182/9 का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा कर दिया।
अभिषेक की तूफानी फिफ्टी बेकार गई
183 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत की शुरुआत विस्फोटक रही। अभिषेक शर्मा ने सिर्फ 20 गेंदों में अर्धशतक जड़कर उम्मीदें जगाईं, लेकिन दूसरे छोर से लगातार विकेट गिरते रहे। संजू सैमसन (5), ईशान किशन (1) और कप्तान श्रेयस अय्यर (3) सस्ते में आउट हो गए। अभिषेक के आउट होते ही भारतीय बल्लेबाजी पूरी तरह बिखर गई। शिवम दुबे (25) और अक्षर पटेल (15) ने संघर्ष जरूर किया, लेकिन टीम 148 रन पर सिमट गई।
आयरलैंड की ओर से मैट हॉलार्ड ने 3 विकेट लिए, जबकि डेब्यू कर रहे जय मूंद्रा ने भी शानदार गेंदबाजी कर भारत की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी।
'जो हुआ उसे भूलकर आगे बढ़ेंगे'
मैच के बाद कप्तान श्रेयस अय्यर ने स्वीकार किया कि भारत ने गेंदबाजी के दौरान अच्छी शुरुआत की थी, लेकिन बीच और आखिरी ओवरों में लय खो दी। उन्होंने कहा, 'हम शुरुआत में अच्छी स्थिति में थे और मुझे लगा था कि हम उन्हें लगभग 140 रन तक रोक लेंगे। लेकिन बीच के ओवरों में हमने अपनी योजनाओं पर सही तरीके से अमल नहीं किया और उन्होंने छोटे सीधे बाउंड्री का पूरा फायदा उठाया।'
हार से निराश दिखे अय्यर ने टीम को सकारात्मक संदेश देते हुए कहा, 'हम जो हुआ उसे भूल जाएंगे। इस मैच से सीखने के लिए बहुत कुछ है और अगले मुकाबले में हम बेहतर प्रदर्शन करेंगे।'
हर्षित राणा और शिवम दुबे की तारीफ की
श्रेयस अय्यर ने हर्षित राणा की वापसी को शानदार बताया और कहा कि चोट के बाद इस तरह का प्रदर्शन टीम के लिए बेहद सकारात्मक संकेत है। उन्होंने शिवम दुबे को गेंद देने के फैसले का भी बचाव किया और कहा, "मुझे शिवम की गेंदबाजी पर पूरा भरोसा है। वह मुश्किल परिस्थितियों में भी टीम के लिए अहम भूमिका निभा सकते हैं।"
'किसी भी टीम को हल्के में नहीं ले सकते'
भारतीय कप्तान ने माना कि टी20 क्रिकेट में कोई भी टीम छोटी नहीं होती और हर मुकाबले में पूरी तैयारी के साथ उतरना जरूरी है।उन्होंने कहा, 'हम किसी भी टीम को हल्के में नहीं ले सकते। अगर मैच पर पकड़ बनती है तो उसे पूरी तरह अपने पक्ष में करना होगा। यही बात हमने ड्रेसिंग रूम में भी कही है।'
भारत अब सीरीज बचाने के इरादे से दूसरे और अंतिम टी20 मुकाबले में उतरेगा, जहां टीम की नजरें बराबरी करने और इस निराशाजनक शुरुआत को भुलाने पर होंगी।

