IND vs ENG: जीत के बाद शुभमन गिल का बड़ा खुलासा, बताया 2027 वर्ल्ड कप का प्लान
punjabkesari.in Wednesday, Jul 15, 2026 - 10:37 AM (IST)
स्पोर्ट्स डेस्क : भारत ने एजबेस्टन में खेले गए पहले वनडे में इंग्लैंड को 6 विकेट से हराकर तीन मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली। 259 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए टीम इंडिया ने 28 गेंद शेष रहते मुकाबला अपने नाम कर लिया। जीत के बाद कप्तान शुभमन गिल ने निचले क्रम के बल्लेबाजों की जमकर तारीफ की और साथ ही 2027 वनडे विश्व कप को लेकर टीम की रणनीति का भी खुलासा किया।
'निचले क्रम का मैच जिताना टीम का आत्मविश्वास बढ़ाता है'
पोस्ट मैच प्रेजेंटेशन में गिल ने कहा, 'जब आप देखते हैं कि निचले क्रम के बल्लेबाज इस तरह मैच खत्म करते हैं तो इससे पूरी टीम का आत्मविश्वास बढ़ता है। हमने पहले गेंदबाजी इसलिए चुनी क्योंकि यह हमारे कॉम्बिनेशन के हिसाब से सही फैसला था। हमें अपनी बल्लेबाजी पर पूरा भरोसा है कि हम लक्ष्य का पीछा कर सकते हैं।'
'2027 वर्ल्ड कप के लिए अलग-अलग कॉम्बिनेशन आजमा रहे हैं'
गिल ने बताया कि टीम मैनेजमेंट 2027 वनडे विश्व कप को ध्यान में रखते हुए अलग-अलग संयोजन पर काम कर रहा है। उन्होंने कहा, 'मिडिल ओवरों में हमारी गेंदबाजी ठीक रही। कुछ समय दबाव जरूर बना, लेकिन हमने लगातार 5 विकेट लेकर शानदार वापसी की। हम यह देखना चाहते हैं कि कौन-सा कॉम्बिनेशन हमें सबसे ज्यादा गहराई देता है। यहां की परिस्थितियां दक्षिण अफ्रीका जैसी हैं, जहां गेंद अतिरिक्त उछाल ले रही थी। अगर हम अलग-अलग कॉम्बिनेशन को आजमा पाए, तो यह हमारे लिए काफी फायदेमंद होगा।'
इंग्लैंड की पारी बीच के ओवरों में बिखरी
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी इंग्लैंड की शुरुआत अच्छी नहीं रही। बेन डकेट ने 43 और जैकब बेथेल ने 14 रन बनाए। इसके बाद मिडिल ऑर्डर पूरी तरह लड़खड़ा गया। हालांकि जो रूट ने 76 और लियाम डॉसन ने 68 रन की शानदार पारियां खेलते हुए सातवें विकेट के लिए 121 रन जोड़े, जिससे इंग्लैंड 258 रन तक पहुंच सका। भारत की ओर से अक्षर पटेल सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने 9.5 ओवर में 62 रन देकर 4 विकेट झटके।
रोहित-विराट नहीं चले, गिल ने संभाली पारी
लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम को रोहित शर्मा (11) और विराट कोहली (5) के रूप में शुरुआती झटके लगे। इसके बाद शुभमन गिल ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए टीम को संभाला और शतक की ओर बढ़ रहे थे, लेकिन 80 रन पर हैमस्ट्रिंग में खिंचाव के कारण रिटायर्ड हर्ट होकर मैदान छोड़ना पड़ा।
अक्षर और सुंदर ने दिलाई यादगार जीत
गिल के बाहर जाने के बाद श्रेयस अय्यर (35) रन आउट हो गए, जबकि केएल राहुल सिर्फ 1 रन बनाकर लौटे। इसके बाद अक्षर पटेल और वॉशिंगटन सुंदर ने शानदार जिम्मेदारी निभाई। दोनों ने नाबाद अर्धशतक जड़े और पांचवें विकेट के लिए 102 रन की अटूट साझेदारी कर भारत को 6 विकेट से जीत दिला दी।
अब सीरीज जीतने पर होगी नजर
पहला मुकाबला जीतने के बाद शुभमन गिल की अगुआई वाली भारतीय टीम अब 16 जुलाई को कार्डिफ के सोफिया गार्डन्स में खेले जाने वाले दूसरे वनडे में जीत दर्ज कर सीरीज अपने नाम करने के इरादे से उतरेगी।
भारत-इंग्लैंड वनडे सीरीज का कार्यक्रम
दूसरा वनडे: 16 जुलाई, सोफिया गार्डन्स (कार्डिफ) – 5:30 PM (IST)
तीसरा वनडे: 19 जुलाई, लॉर्ड्स (लंदन) – 3:30 PM (IST)

