ZIM vs IND : बतौर कप्तान पहली जीत पर बोले श्रेयस अय्यर, इस खिलाड़ी को दिया श्रेय

punjabkesari.in Friday, Jul 24, 2026 - 12:17 PM (IST)

हरारे : भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर ने जिम्बाब्वे के खिलाफ पहले टी 20 में गुरूवार को जीत हासिल करने के बाद कहा कि पहली जीत हासिल कर अच्छा लगा। मयंक यादव और प्रिंस यादव (दो-दो विकेट) की शानदार गेंदबाजी के बाद युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी (50) के तूफानी अर्धतक की बदौलत भारत ने जिम्बाब्वे को पहले टी 20 में गुरूवार को सात विकेट से हराकर श्रेयस अय्यर को उनकी कप्तानी में पहली जीत का स्वाद दे दिया।

अय्यर ने मैच के बाद कहा, ‘हमारे खिलाड़यिों ने बहुत शानदार प्रदर्शन किया था। रणनीति को बहुत अच्छे ढंग से अमली जामा पहनाया। और बतौर कप्तान मुझे पहली जीत मिली। विकेट में बाउंस थी, मयंक ने हमें बेहतरीन शुरुआत दिलाई और विपक्षी बल्लेबाजों को अधिक रूम नहीं दिया। जैसा कि मैंने कहा कि निर्भीक युवा बल्लेबाज (वैभव सूर्यवंशी) ने बेहतरीन बल्लेबाजी की। वह पहले भी यहां खेल चुके हैं और अंडर-19 विश्व कप फाइनल में भी उन्होंने 175 रनों की पारी खेली थी।' 

भारत ने जिम्बाब्वे को 7 विकेट पर 125 रन पर रोकने के बाद 13.2 ओवर में तीन विकेट पर 126 रन बनाकर तीन मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली। श्रेयस अय्यर की अपनी कप्तानी में छह टी 20 मैचों में लगातार हार के बाद यह पहली जीत है। इस जीत के सूत्रधार वैभव सूर्यवंशी और मयंक यादव रहे। मयंक यादव ने चार ओवर में मात्र 18 रन देते हुए दो अहम विकेट निकाले और जिम्बाब्वे को 125 के एक छोटे स्कोर पर रोकने में अहम भूमिक निभाई। 

सूर्यवंशी ने 19 गेंदों पर 50 रनों की पारी खेली और जिम्बाब्वे को मुकाबले में उम्मीद पाने का भी मौका नहीं दिया। सूर्यवंशी ने मात्र 19 गेंदों में चार चौकों और चार छक्कों की मदद से 50 रन की आतिशी पारी खेलकर भारत की जीत का मार्ग प्रशस्त किया। ईशान किशन ने 24 गेंदों में तीन चौकों और दो छक्कों की मदद से 35 रन बनाकर भारत की जीत में योगदान दिया। कप्तान श्रेयस अय्यर ने 24 गेंदों में नाबाद 28 और तिलक वर्मा ने नाबाद छह रन बनाये। 

इससे पहले मैच की पहली ही गेंद पर मयंक यादव ने भारत को सफलता दिला दी थी और उनके दोहरे झटकों की बदौलत पावरप्ले में ही जिम्बाब्वे को तीन झटके लग गए थे। रजा के रूप में जिम्बाब्वे को 32 के स्कोर पर चौथा झटका लगा। हालांकि इसके बाद रायन बर्ल (26) और वेस्ली मधेवेरे (39) में साझेदारी पनपी। लेकिन मधेवेरे और तडिवनाशे मारुमानी (नाबाद 27) ने जिम्बाब्वे को 125 तक पहुंचाया। भारत की तरफ से मयंक ने 18 रन पर दो और प्रिंस ने 19 रन पर दो विकेट लिए। शिवम दुबे और रवि बिश्नोई को एक-एक विकेट मिला। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Sanjeev

Related News