सिकंदर रजा ने नया कीर्तिमान स्थापित किया, ये डबल रिकॉर्ड बनाने वाले फुल मेंबर देश के पहले खिलाड़ी बने
punjabkesari.in Friday, Feb 27, 2026 - 12:50 PM (IST)
चेन्नई : जिम्बाब्वे के कप्तान सिकंदर रजा ने T20I क्रिकेट मैचों में नया कीर्तिमान स्थापित कर दिया है। रजा 3000 रन और 100 विकेट पूरे करने वाले फुल-मेंबर देश के पहले क्रिकेटर बन गए हैं। रजा ने गुरुवार को चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में टी20 वर्ल्ड कप में भारत के खिलाफ सुपर आठ मैच के दौरान यह उपलब्धि हासिल की। इस अनुभवी ऑलराउंडर ने मैच में अपना 15वां रन बनाते ही 3000 रन का आंकड़ा पार कर लिया, और T20Is में यह आंकड़ा पार करने वाले कुल 14वें खिलाड़ी बन गए।
इस 39 वर्षीय खिलाड़ी ने 2013 में अपना T20I डेब्यू किया था और 132वें मैच में यह उपलब्धि हासिल की। उनके नाम अब 132 मैचों (127 पारियों) में 26.22 की औसत और 136 से ज्यादा के स्ट्राइक रेट से 3016 रन हैं। उनके नाम एक शतक और 16 अर्धशतक शामिल हैं। गेंद के साथ रजा ने 23.94 की औसत से 104 विकेट लिए हैं जिसमें 2 बार चार विकेट और एक बार पांच विकेट हॉल शामिल हैं।
रजा T20I में 3000 रन और 100 विकेट का डबल हासिल करने वाले कुल मिलाकर दूसरे खिलाड़ी हैं उनसे पहले मलेशिया के वीरनदीप सिंह यह कमाल किया था। सुपर आठ मैच में रजा ने अपने टी20 करियर में एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की। पारी का सातवां रन बनाने के साथ ही उन्होंने टी20 क्रिकेट में कुल 7,000 रन पूरे कर लिए।
उन्होंने 348 टी20 मैचों में एक शतक और 37 अर्धशतक बनाए हैं, जो सबसे छोटे फॉर्मेट में उनके लंबे समय तक खेलने और लगातार अच्छा खेलने का सबूत है। खास बात यह है कि रजा टी20 इंटरनेशनल में 3000 रन पार करने वाले जिम्बाब्वे के अकेले खिलाड़ी हैं, देश का कोई दूसरा खिलाड़ी 2,000 रन के आंकड़े तक भी नहीं पहुंच पाया है। रयान बर्ल T20I में 1943 रन के साथ दूसरे नंबर पर हैं। रजा ने मैच में 21 गेंदों पर 31 रन बनाए और एक विकेट भी लिया। जिम्बाब्वे यह मैच 72 रनों के बड़े अंतर से हार गया और टूर्नामेंट से बाहर हो गया।

