टी20 वर्ल्ड कप से जल्दी बाहर होने के बाद इस टीम का बड़ा फैसला, पूर्व अफ्रीकी क्रिकेटर को बनाया नया हेड कोच

punjabkesari.in Tuesday, Mar 10, 2026 - 02:39 PM (IST)

स्पोर्ट्स डेस्क : श्रीलंका क्रिकेट (SLC) ने सोमवार को पूर्व दक्षिण अफ्रीकी क्रिकेटर गैरी कर्स्टन को पुरुष राष्ट्रीय टीम का नया मुख्य कोच नियुक्त करने की घोषणा की। श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड के अनुसार कर्स्टन 15 अप्रैल 2026 से टीम के हेड कोच के रूप में कार्यभार संभालेंगे।

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में शानदार अनुभव

गैरी कर्स्टन का अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में शानदार करियर रहा है। उन्होंने दक्षिण अफ्रीका के लिए 1993 से 2004 तक क्रिकेट खेला। अपने करियर के दौरान उन्होंने टेस्ट और वनडे क्रिकेट में कुल 14,087 रन बनाए। इसमें 21 टेस्ट शतक और 13 वनडे शतक शामिल हैं।

भारत को दिलाया था 2011 वर्ल्ड कप

कोच के रूप में भी कर्स्टन का रिकॉर्ड शानदार रहा है। वह 2008 से 2011 तक भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम के मुख्य कोच रहे और उनके कार्यकाल में भारत ने 2011 का आईसीसी क्रिकेट वर्ल्ड कप जीता था। इसके बाद वह 2011 से 2013 तक दक्षिण अफ्रीका टीम के भी मुख्य कोच रहे, जहां उनके नेतृत्व में टीम ने सभी फॉर्मेट में नंबर-1 रैंकिंग हासिल की।

टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भी निभाई थी भूमिका

हाल ही में समाप्त हुए टी20 वर्ल्ड कप 2026 के दौरान गैरी कर्स्टन क्रिकेट नामीबिया के साथ बतौर कंसल्टेंट जुड़े हुए थे। अब वह श्रीलंका क्रिकेट के साथ दो साल के लिए काम करेंगे।

2027 वर्ल्ड कप की तैयारी पर रहेगा फोकस

श्रीलंका क्रिकेट ने बताया कि कर्स्टन की नियुक्ति टीम की संरचना और हाई परफॉर्मेंस सिस्टम को मजबूत करने की योजना का हिस्सा है। उनका मुख्य लक्ष्य 2027 आईसीसी क्रिकेट वर्ल्ड कप के लिए श्रीलंका टीम को तैयार करना होगा। यह टूर्नामेंट दक्षिण अफ्रीका, नामीबिया और जिम्बाब्वे में आयोजित किया जाएगा।

दो साल का होगा कार्यकाल

गैरी कर्स्टन का यह अनुबंध 15 अप्रैल 2026 से 14 अप्रैल 2028 तक रहेगा। इस दौरान वह श्रीलंका की राष्ट्रीय टीम को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में बेहतर प्रदर्शन करने के लिए तैयार करेंगे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Ishtpreet Singh

Related News